रतलाम में भीषण गर्मी का असर ! कक्षा 1 से 5 तक अवकाश घोषित, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा था कलेक्टर को पत्र
रतलाम में बढ़ती गर्मी के चलते कक्षा 1 से 5 तक अवकाश घोषित, 6 से 12वीं तक स्कूल समय बदला। जानें जिला शिक्षा अधिकारी का पूरा आदेश।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों को राहत देने का बड़ा निर्णय लिया है। रतलाम के जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। अन्य कक्षाओं के समय में भी बदलाव किया है।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि जिले में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने और गर्म हवाएं (लू) चलने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। भीषण गर्मी का सबसे अधिक असर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
साथ ही, कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल संचालन समय में भी बदलाव किया गया है। अब सभी शासकीय और अशासकीय विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित होंगे। इससे पहले भी समय में परिवर्तन किया गया था, लेकिन तापमान में लगातार वृद्धि के कारण नई व्यवस्था लागू की गई है।
स्कूलों को दिए निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूल प्राचार्यों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। साथ ही शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक शैक्षणिक कार्य करने के निर्देश भी दिए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से छोटे बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा था पत्र
भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित करने की मांग का एक पत्र कांग्रेस जिला अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत ने कलेक्टर को लिखा था। इसमें उन्होंने तापमान की अधिकता से होने वाले नुकसान का हवाला देते हुए स्कूली विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित करने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि इतने अधिक तापमान में स्कूली बच्चों की छुट्टी घोषित करने का सुझाव दिया था।
ये भी पढ़ें
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश









