साधु का चोला, अंदर शातिर चोर ! 5 साल बाद रतलाम पुलिस के हत्थे चढ़ा वांटेड ‘महाराज’, वेश बदलकर कानून को चकमा देने वाला चोर इंदौर में मिला

रतलाम पुलिस ने 5 साल से फरार आरोपी को साधु के वेश में इंदौर से गिरफ्तार किया। ट्रैक्टर चोरी मामले में था वांटेड, ₹2000 का इनाम भी घोषित।

साधु का चोला, अंदर शातिर चोर ! 5 साल बाद रतलाम पुलिस के हत्थे चढ़ा वांटेड ‘महाराज’, वेश बदलकर कानून को चकमा देने वाला चोर इंदौर में मिला
साधु बनकर मंदिरों में छिपने वाले चोर को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम | रतलाम पुलिस ने एक ऐसे शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है, जो पांच वर्षों से साधु का वेश धारण कर पुलिस को चकमा दे रहा था। चोरी के गंभीर मामले में फरार चल रहा यह आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए ‘विष्णु महाराज’ बनकर मंदिरों में शरण लेता था और लगातार ठिकाने बदलता रहा था।

Google NewsFollow Us

जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार मामला 9 अगस्त 2022 का है, जब पीएनटी कॉलोनी निवासी आफताब अब्बासी ने अपने आयशर ट्रैक्टर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

ये भी पढ़ें

इस पर औद्योगिक क्षेत्र थाने में अपराध क्रमांक 558/2022 भादंवि की धारा 379, 411 के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ विष्णु महाराज घटना के बाद से फरार था।

साधु बनकर बचता रहा गिरफ्तारी से

जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुद को बचाने के लिए साधु का वेश धारण कर लिया था। वह अलग-अलग मंदिरों में रहकर अपनी पहचान छिपाता और लगातार स्थान बदलता रहता था। इसी कारण उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।

ये भी पढ़ें

इनाम घोषित, फिर भी हाथ नहीं आया

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी द्वारा ₹2,000 का इनाम भी घोषित किया गया था। इसके बावजूद आरोपी लंबे समय तक पुलिस की पकड़ से दूर रहा। आखिरकार साइबर सेल की तकनीकी मदद, मुखबिर तंत्र की सक्रियता और लगातार दबिश के बाद पुलिस को पुख्ता सूचना मिली।

इंदौर से हुआ गिरफ्तार

विश्वसनीय इनपुट मिलने के बाद पुलिस टीम ने इंदौर में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया और विधिवत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान विक्रम उर्फ विष्णु महाराज (41) निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी, एएसआई दिलीप खाती, प्रधान आरक्षक तपेश गोसाई और साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ये भी पढ़ें