मेल-मिलाप : भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने शीर्ष नेतृत्व से की मुलाकात, संगठन विस्तार पर दिया जोर
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित शीर्ष नेताओं से मुलाकात की। संगठन विस्तार और युवाओं को जोड़ने पर दिया जोर।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री विप्लव जैन ने भोपाल और उज्जैन में प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए सक्रियता की सराहना की।
विप्लव जैन ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वी.डी. शर्मा से भेंट की। सभी वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। नेताओं ने उन्हें युवाओं के बीच संगठन को और प्रभावी बनाने तथा पार्टी की विचारधारा को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा दी। वहीं विप्लव जैन ने आश्वस्त किया कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ऊर्जा के साथ पार्टी के लिए कार्य करते हुए नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
ये भी पढ़ें
लगातार दौरे, कार्यकर्ताओं में उत्साह
प्रदेश महामंत्री का दायित्व मिलने के बाद से ही विप्लव जैन प्रदेशभर में सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे लगातार विभिन्न शहरों का दौरा कर संगठनात्मक बैठकों में भाग ले रहे हैं और युवा कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित कर रहे हैं। उनके दौरों के दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया जा रहा है, जिससे संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। संगठन द्वारा दावा किया जा रहा है कि जैन की सक्रियता से भाजयुमो को प्रदेश में नई गति मिलने के संकेत मिल रहे हैं।
ये भी पढ़ें









