रतलाम से 32 वर्षीय मयंक जाट होंगे कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी ! कल होगी अधिकृत घोषणा, जानिए- पार्टी क्यों जता रही भरोसा
कांग्रेस से रतलाम महापौर पद के प्रत्याशी को लेकर जारी सस्पेंस शुक्रवार रात को लगभग खत्म हो गया। युवा नेता मयंक जाट कांग्रेस से महापौर प्रत्याशी होंगे। फिलहाल अधिकृत घोषणा होना बाकी है।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भाजपा के बाद कांग्रेस ने भी महापौर प्रत्याशी का नाम तय कर लिया है। कांग्रेस रतलाम शहर से 32 साल के मयंक जाट को महापौर प्रत्याशी बनाने जा रही है। बताई जा रही है कि अधिकृत घोषणा पार्टी द्वारा कल की जाएगी।
नामांकन दाखिल करने का शनिवार को आखिरी दिन है। कांग्रेस अभी तक रतलाम शहर के लिए महापौर व पार्षद पद के प्रत्याशियों की घोषणा नहीं कर सकी है। सभी नाम शनिवार को ही घोषित होंगे की बात पार्टी सूत्रों ने कही है। पार्षदों की सूची को लेकर अभी भी असमंजस है किंतु महापौर प्रत्याशी को लेकर स्थिति काफी हद तक साफ हो गई है।
कांग्रेस रतलाम से मयंक जाट को महापौर का टिकट देने जा रही है। सूत्रों की मानें तो अब सिर्फ औपचारिक घोषणा ही बाकी रही है। मयंक जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष हैं। उनकी क्षमताओं का आलकन करते हुए डॉ. विक्रांत भूरिया चयन प्रक्रिया शुरू होने से पहले से ही मयंक को महापौर पद का टिकट पार्टी से मांगने का मन बना लिया था। हालांकि बीच में पूर्व पार्षद राजीव रावत का नाम भी दावेदारों की सूची में प्रमुखता से बताया जा रहा था।
पार्टी ने इसलिए जताया भरोसा
मयंक छात्र जीवन से ही राजनीति के क्षेत्र में सक्रिय हैं। पहली बार 2012 में एनएसयूआई से जुड़कर निर्विरोध जिला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। इसके बाद शहर युवा कांग्रेस, जिला सतर्कता समिति सदस्य जैसे दायित्वों का निर्वाह भी कर चुके हैं। वहीं ताऊ रतलाम केसरी स्व. नारायण पहलान रहे। खुद भी कुश्तियों की कई स्पर्धाओं में जीत हासिल की है। रजनीति भी विरासत में ही मिली है। पिता दो बार निर्विरोध सरपंच और एक बार जनपद सदस्य रहे दौलत जाट हैं। परिवार के ही वरिष्ठ सदस्य सुरेश जाट मयंक के ताऊ हैं जो कि कांग्रेस से ही नगर निगम अध्यक्ष रह चुके हैं। शहर में हर साल निकलने वाली साफा रैली के आयोजन में अग्रणी भूमिका भी रहती है। इन्हीं सब कारणों से पार्टी ने जाट पर भरोसा जता है।