कोर्ट का फैसला : कुर्की वारंट फाड़ने और उसे लाने वाले से अभद्रता करने वाले शमी कुरैशी को 6 माह की सजा, जुर्माना भी लगाया

रतलाम में एक व्यक्ति को न्यायालय द्वारा जारी कुर्की वारंट फाड़ना और उसे लाने वाले से साथ अभद्रता करना भारी पड़ गया है। न्यायालय ने अभियुक्त को कारावास की सजा सुनाई है।

Dec 7, 2024 - 00:34
 0
कोर्ट का फैसला : कुर्की वारंट फाड़ने और उसे लाने वाले से अभद्रता करने वाले शमी कुरैशी को 6 माह की सजा, जुर्माना भी लगाया
कोर्ट का फैसला।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव ने एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। उन्होंने न्यायालय से जारी कुर्की वारंट की तामिली कराने गए न्यायालय के आदेशिका वाहक से अभद्रता कर वारंट फाड़ने वाले एक अभियुक्ति को सजा सुनाई है। अभियुक्त पर जुर्माना भी किया गया है।

जिला न्यायालय रतलाम के चतुर्थ व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-1 के न्यायालय से 21 फरवरी, 2012 को सुभाषनगर हाट रोड रतलाम निवासी शमी कुरैशी के विरुद्ध कुर्की वारंट जारी किया था। न्यायालय का आदेशिका वाहक फरियादी अमरसिंह राठौर उक्त कुर्की वारंट तामीली हेतु दिनांक 23 मार्च 2012 की शाम करीब चार बजे अभियुक्त शमी कुरैशी के घर गया था। तब अभियुक्त ने उक्त वारंट फाड़कर वाहक के साथ गाली-गलौच कर धक्का-मुक्की भी की थी। इतना ही नहीं आपराधिक बल का प्रयोग भी किया था।

150

पुलिस जांच में पाया था दोषी

500
200

इस संबंध में फरियादी अमरसिंह राठौर ने औद्योगिक क्षेत्र थाने पर लिखित शिकायत की थी। इसके चलते पुलिस ने शमी कुरैशी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 135/12 अंतर्गत धारा 353 भादंवि का अपराध पंजीबद्ध किया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का नक्शा मौका निर्मित कर साक्षीगण के कथन लेख कर कुर्की वारंट के फटे टुकड़े जब्त कर पंचनामा बनाया था। पुलिस ने मामले में कुरैशी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध नुकसान करने के आशय से कुर्की वारंट फाड़ने पर भा.दं.सं. की धारा 477 का इजाफा किया।

यह सजा सुनाई न्यायालय ने

पुलिस ने आवश्यक अनुसंधान पूरा कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले में सप्तम अपर सत्र न्यायाधीश राजेश नामदेव न्यायालय ने सुनवाई की। न्यायालय ने अभियुक्त कुरैशी पर अपराध सिद्ध होने पर सजा सुनाई दी। न्यायालय ने शासकीय कार्य में बाधा डालने के लिए आरोपी कुरैशी को धारा 353, 477 भादंवि में 06-06 माह की सजा व 1000-1000 रुपए के जुर्माने का आदेश पारित किया।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।