संत आगमन ! आचार्य नित्यसेन सूरीश्वर जी महाराज का कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुंबई निवास पर हुआ मंगल आगमन

आचार्य श्री नित्यसेन सूरीश्वर जी कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुंबई स्थित निवास पर पगलिये करने पधारे। इस दौरान काश्यप परिवार और श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ आशीर्वाद लिया।

संत आगमन ! आचार्य नित्यसेन सूरीश्वर जी महाराज का कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप के मुंबई निवास पर हुआ मंगल आगमन
आचार्य नित्यसेन सूरीश्वर जी से आशीर्वाद लेते काश्यप परिवार।

एसीएन टाइम्स @ मुंबई । पुण्य सम्राट आचार्य श्री जयंतसेन सूरीश्वर जी महाराज साहब के पट्टधर एवं वर्तमान गच्छाधिपति आचार्य नित्यसेन सूरीश्वर जी महाराज साहेब मध्य प्रदेश शासन के MSME मंत्री चेतन्य काश्यप के वर्ली सीफ़ेस स्थित निवास स्थल पर पावन पगलिये करने पधारे।

आचार्यश्री, सिद्धार्थ काश्यप एवं श्रवण काश्यप संग वर्ली सीफ़ेस पर विहार करते हुए पहुंचे, जहाँ मंत्री काश्यप एवं परिवार ने गुरुदेव का ढोल-नगाड़ों की मंगल ध्वनि के साथ हार्दिक स्वागत किया। माता तेजकुंवर काश्यप, नीता, पूर्वी, अमी एवं बालक सारांश ने परंपरानुसार गहुली कर गुरुदेव का अभिनंदन किया। तत्पश्चात, निवास में गुरुदेव द्वारा पगलिये संपन्न हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गुरुभक्त उपस्थित रहे। सर्वप्रथम सामूहिक गुरुवंदन के साथ कार्यक्रम हुआ। इसके उपरांत परिवार के सुपुत्र मास्टर सारांश काश्यप ने तबले पर संगत करते हुए संगीतकार सिद्धार्थ काश्यप के साथ “गुरुवर तुमको प्रणाम” भक्ति-गीत की संगीतमय प्रस्तुति दी। इससे सभी श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

इसके बाद थराद मुंबई संघ के अध्यक्ष रमेशभाई धरु तथा कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने उपस्थित भक्तों को संबोधित किया। मुनिवर विद्वतरत्न जी एवं निपुणरत्न जी महाराज साहब ने मंगल आशीर्वचन प्रदान किए। आचार्यश्री ने मांगलिक फरमा और सभी साधर्मिकों को आशीर्वाद प्रदान किया। साधर्मिक भक्ति का लाभ दिलाते हुए सभी आगंतुक श्रावक-श्राविकाओं के लिए नवकारसी एवं स्वामी वात्सल्य का आयोजन भी किया गया।

महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री लोढ़ा ने भी किए दर्शन

दोपहर में आचार्यश्री की गोचरी के पश्चात महाराष्ट्र सरकार में कौशल विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी गुरुदेव के दर्शनार्थ पधारे एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री लोढ़ा एवं काश्यप ने समाज की प्रगति एवं कल्याण के विषय पर आचार्यश्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया। पूरे दिन काश्यप परिवार के रिश्तेदारों, ईष्टमित्रों, संघ के वरिष्ठजन एवं प्रमुख समाजसेवियों ने गुरुदेव के दर्शन-वंदन का लाभ लिया। संध्या में गुरुदेव ने परिवार को वाक्षक्षेप कर मांगलिक सुनाया, तत्पश्चात वर्ली स्थित निवास से विहार किया।