बड़ी खबर ! रतलाम में CM के काफिले के लिए आए 19 वाहनों में भर दिया पानी मिला डीजल, पेट्रोल पंप किया सील, दूसरे वाहनों की करना पड़ी व्यवस्था

रतलाम में होने वाली रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट कॉन्क्लेव के लिए आ रहे सीएम के काफिले के लिए मंगवाई गई कारें डीजल मिला पानी भरने से बंद हो गईं। प्रशासन ने पेट्रोल पंप सील कर दूसरी कारों की व्यवस्था की।

Jun 27, 2025 - 11:34
Jun 27, 2025 - 12:44
 0
बड़ी खबर ! रतलाम में CM के काफिले के लिए आए 19 वाहनों में भर दिया पानी मिला डीजल, पेट्रोल पंप किया सील, दूसरे वाहनों की करना पड़ी व्यवस्था
डीजल भरने के बांद हुई सीएम के काफिले में शामिल हुई कारों को सुधारते मैकेनिक।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । रीजनल इंडस्ट्री, स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट कॉन्क्लेव (MP RISE 2025) के लिए रतलाम आ रहे सीएम के काफिले के लिए प्रशासन द्वारा इंदौर से 19 इनोवा कारों की व्यवस्था की गई थी। बीती रात डोसीगांव के पेट्रोल पंप से इनमें डीजल भरा गया लेकिन सभा वाहन थोड़ी दूर चलने के बाद ही बंद हो गए। जांच करने पर वाहनों में 20 लीटर डीजल में 10 लीटर पानी निकला। इससे प्रशासन पेट्रोल पंप सील कर दिया और इंदौर से दूसरे वाहन बुलवाए।

गुरुवार रात को उस समय हड़कंप मच गया जब सीएम डॉ. मोहन यादव के काफिले में शामिल होने के लिए इंदौर से मंगवाए गए वाहन एक-एक कर बंद हो गए। इससे प्रशासन अमले में हड़कंप मंच गया। दरअसल, सभी वाहनों में डोसीगांव स्थित भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर डीजल करीब 20-20 लीटर डीजल भरवाया गया था। इसके बाद जैसे-जैसे वाहन थोड़ी दूर चले, वे एक के बाद एक सभी बंद हो गए। इससे सभी वाहनों को धक्के लगाने पड़े। अचानक हुई इस घटना से सभी हतप्रभ रह गए और अधिकारियों को जानकारी दी गई।

वाहनों और पेट्रोल पंप के टैंक में मिला पानी

वाहन बंद होने की की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय और खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी आनंद गोले सहित अन्य अधिकारी पेट्रोल पंप पहुंचे। एक साथ इतने वाहन बंद होने का पता लगाने के लिए सबसे पहले उनके टैंक में भरे गए डीजल की जांच की गई। डीजल में आधा पानी निकला। इससे अधिकारियों ने भारत पेट्रोलियम के एरिया मैनेजर श्रीधर को तलब किया जिनके समक्ष पेट्रोल पंप के टैंक की भी जांच की गई। जांच में डीजल टैंक में भी पानी पाया गया। बताया जा रहा है कि टैंक में रिसाव होने से बारिश का पानी भर गया। मामले की जांच की जा रही है।

पेट्रोल पंप सील किया, दूसरे वाहनों की व्यवस्था की

नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय ने एसीएन टाइम्स से चर्चा में बताया कि सीएम के काफिले के वाहनों में पानी मिला डीजल भरे जाने पर पेट्रोल पंप सील कर दिया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई के लिए खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी द्वारा कलेक्टर को प्रतिवेदन दिया जाएगा। उपाध्याय के अनुसार सीएम के काफिले के लिए इंदौर से दूसरे वाहनों की व्यवस्था रात में ही कर दी गई थी। वाहन आ चुके हैं और पूरी एहतियात बरती जा रही है।

पुलिस विभाग ने भी लिया संज्ञान

पुलिस विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार 26 जून 2025 को औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत भारत पेट्रोलियम के शक्ति फ्यूल्स से डीजल भरवाने से शासकीय अधिगृहित वाहनों में खराबी के बाद सभी वाहनों को बदलकर दूसरे वाहन अधिगृहित किए गए हैं। पेट्रोल पंप को सील कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रथमदृष्टया मिलावटी डीजल की वजह से वाहन में खराबी आई है। उक्त पेट्रोल पंप से जांच हेतु सैंपल लेकर पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक  कारवाई की जाएगी।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।