सर्वपितृ अमावस्या पर 10 अक्टूबर को होगा निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म, सामग्री भी निःशुल्क मिलेगी, जानिए- कैसे ले सकते हैं इसका लाभ

सर्वपितृ अमावस्या पर 10 अक्टूबर को रतलाम में निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म होगा। संत श्री वाटिका में आयोजन, पूर्व पंजीयन अनिवार्य और श्राद्ध सामग्री भी निःशुल्क रहेगी।

सर्वपितृ अमावस्या पर 10 अक्टूबर को होगा निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म, सामग्री भी निःशुल्क मिलेगी, जानिए- कैसे ले सकते हैं इसका लाभ
सर्वपितृ अमावस पर होने वाले निःशुल्क श्राद्ध कर्म को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पितृ पक्ष में आने वाली सर्वपितृ अमावस्या के पावन अवसर पर रतलाम में निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म का आयोजन किया जाएगा। 10 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर श्री गुरु मंदिर, कालिका माता मंदिर के पास महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

श्री योग वेदांत सेवा समिति, युवा सेवा संघ महिला उत्थान मंडल एवं मांगल्य मंदिर धर्मक्षेत्र रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में होने वाला यह आयोजन प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी संत श्री वाटिका, चंपा विहार, रतलाम में आयोजित किया जाएगा। बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। योग वेदांत सेवा समिति के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश बाथव ने बताया कि सामूहिक श्राद्ध कर्म में सम्मिलित होने वाले सभी श्राद्धकर्ताओं के लिए पूर्व रजिस्ट्रेशन अनिवार्य रहेगा।

पंजीयन के लिए समिति द्वारा मोबाइल नंबर के साथ गूगल फॉर्म लिंक एवं QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। श्राद्धकर्ता मोबाइल नंबर पर संपर्क करके अथवा गूगल फॉर्म लिंक खोलकर या QR कोड स्कैन करके अपना पंजीयन करवा सकेंगे। पंजीयन की प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।

ये भी पढ़ें

आयोजन स्थल पर मिलेगी श्राद्ध कर्म की संपूर्ण सामग्री

बैठक में यह भी तय किया गया कि आयोजन स्थल पर सभी पंजीकृत श्राद्धकर्ताओं के लिए श्राद्ध कर्म की संपूर्ण सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य यह है कि श्रद्धालुओं को आयोजन में शामिल होने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सामूहिक श्राद्ध कर्म का विधिवत आह्वान उड़ीसा, जगन्नाथ पुरी के विद्वान एवं संयमी ब्राह्मण देव शारदा प्रसाद मिश्रा द्वारा किया जाएगा। आयोजन में सम्मिलित होने वाले सभी श्राद्धकर्ताओं को प्रसादी स्वरूप वैदिक ज्ञान विज्ञान जागृति पीठ के संस्थापक महर्षि संजय शिवशंकर दवे द्वारा अभिमंत्रित कुबेर पोटली भी वितरित की जाएगी।

ये भी पढ़ें

घर-घर जाकर अवगत कराएंगे श्राद्ध कर्म की महिमा

बैठक में आयोजन के प्रचार-प्रसार और जनजागरण को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति के सेवादार भाई-बहन घर-घर जाकर पितृ पक्ष एवं श्राद्ध कर्म की महिमा से लोगों को अवगत कराएंगे। साथ ही अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म आयोजन में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने पितरों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए इस पुण्य अवसर पर सामूहिक श्राद्ध कर्म में सम्मिलित हों तथा समय रहते अपना निःशुल्क पूर्व पंजीयन अवश्य करवाएं।

ये भी पढ़ें