उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस पर लगातार दूसरे दिन पथराव, C-6 और C-7 कोच के कांच टूटे

उज्जैन में इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस पर लगातार दूसरे दिन पथराव। चिंतामन स्टेशन के पास C-6 और C-7 कोच के कांच टूटे, यात्रियों में दहशत, RPF ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को पकड़ा।

उज्जैन में वंदे भारत एक्सप्रेस पर लगातार दूसरे दिन पथराव, C-6 और C-7 कोच के कांच टूटे
रतलाम रेल मंडल के उज्जैन में वंदेभारत ट्रेन पर पथराव हुआ।

चिंतामन स्टेशन और उज्जैन के बीच हुई घटना से यात्रियों में दहशत, RPF ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो लोगों को पकड़ा

एसीएन टाइम्स @ उज्जैन । देश की आधुनिक और प्रीमियम ट्रेनों में शामिल इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई। उज्जैन सेक्शन में चिंतामन स्टेशन और उज्जैन के बीच लगातार दूसरे दिन ट्रेन पर पथराव किया गया। घटना में कोच C-6 और C-7 के कांच टूट गए, जिससे अंदर बैठे यात्रियों में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने केस दर्ज किया है, दो आरोपियों को भी पकड़ा गया है।

जानकारी के अनुसार इंदौर से नागपुर तक संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर मंगलवार सुबह करीब 6:50 बजे पथराव की घटना सामने आई। ट्रेन संख्या 20911 जब उज्जैन सेक्शन के चिंतामन स्टेशन और उज्जैन के बीच से गुजर रही थी, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके। पथराव इतना तेज था कि ट्रेन के C-6 और C-7 कोच के कांच फूट गए।

ट्रेन में बैठे यात्री अचानक हुए इस पथराव से सहम गए। कई यात्रियों में डर और घबराहट का माहौल बन गया। घटना के कुछ वीडियो और फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें कोच के क्षतिग्रस्त कांच दिखाई दे रहे हैं। यह लगातार दूसरा दिन था जब वंदे भारत एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया। इससे पहले भी इसी रूट पर ट्रेन पर पत्थरबाजी की घटना हुई थी, जिसके बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं।

आरोपियों से वसूला जुर्माना

यात्रियों की शिकायत के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यात्रियों की सुरक्षा खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया। जांच के दौरान क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। आरपीएफ को शुरुआती जांच में आशंका थी कि घटना असामाजिक तत्वों द्वारा की गई है। बाद में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया गया। दोनों से पूछताछ के बाद जुर्माना वसूला और छोड़ दिया गया।

ये भी पढ़ें

यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

लगातार दो दिनों तक वंदे भारत जैसी हाई-प्रोफाइल ट्रेन पर पथराव की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील रूट्स पर रेलवे को अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ानी चाहिए।

गौरतलब है कि ट्रेन संख्या 20911 इंदौर-भोपाल वंदे भारत एक्सप्रेस का रूट हाल ही में 9 अक्टूबर से नागपुर तक बढ़ाया गया है। रूट विस्तार के कुछ ही दिनों बाद इस तरह की घटनाएं सामने आने से रेलवे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें