उज्जैन से उमराई तक गूंजेंगे माँ त्रिपुरा सुंदरी के जयकारे, 11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य दर्शन यात्रा
उज्जैन से 11 अक्टूबर 2026 को माँ त्रिपुरा सुंदरी की भव्य दर्शन यात्रा शुरू होगी। बांसवाड़ा के उमराई मंदिर तक पहुंचने वाली यात्रा में रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद, आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी दिया जाएगा संदेश
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । माँ त्रिपुरा सुंदरी के भक्तों के लिए आस्था और श्रद्धा से जुड़ी भव्य दर्शन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। 11 अक्टूबर 2026 को उज्जैन में यात्रा का शुभारंभ होगा। यहां से श्रद्धालु बांसवाड़ा के उमराई स्थित माँ त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के लिए रवाना होंगे।
भव्य दर्शन यात्रा का आयोजन श्री विश्वकर्मा पाँचाल समाज मध्यप्रदेश द्वारा किया जा रहा है। इसे लेकर श्रद्धालुओं और समाजजनों में उत्साह है। रतलाम जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इसमें शामिल होने की उम्मीद है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति और श्रद्धा के साथ माँ के जयकारे लगाते हुए उमराई स्थित माँ के दरबार तक पहुंचेंगे। आयोजकों के अनुसार यात्रा का उद्देश्य केवल माँ त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करना नहीं है।
इसके माध्यम से समाज में धार्मिक आस्था, आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश भी दिया जाएगा। यात्रा को लेकर जारी संदेश में कहा गया है- “आस्था की डगर, माँ का दरबार, त्रिपुरा सुंदरी करे बेड़ा पार।” श्रद्धालु माँ के दरबार में पहुंचकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति की कामना करेंगे।
ये भी पढ़ें
युवाओं की भागीदारी पर जोर
श्री विश्वकर्मा पाँचाल समाज मध्यप्रदेश द्वारा यात्रा में युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया है। उनका कहना है कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से जुड़कर युवा समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। “माँ के आशीर्वाद से हर युवा आगे बढ़े” की भावना के साथ युवाओं से भी यात्रा में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की गई है। पाँचाल युवा मित्र मंडल मध्यप्रदेश ने भी श्रद्धालु भाई-बहनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने का निवेदन किया गया है।






