बड़ी खबर ! रतलाम के पास दौड़ती राजधानी एक्सप्रेस बनी आग का गोला, दो कोच जलकर खाक, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस के दो कोच में भीषण आग लग गई। बी-1 एसी कोच से शुरू हुई आग में दो डिब्बे जल गए, जबकि 68 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित रहा।
दिल्ली-मुंबई रेल रूट घंटों प्रभावित, बी-1 कोच से उठीं लपटें; अफरा-तफरी के बीच यात्रियों ने बचाई जान
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के पास रविवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस में अचानक लगी भीषण आग ने रेलवे प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) के बी-1 एसी कोच से उठीं लपटों ने देखते ही देखते दो डिब्बों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए, हालांकि समय रहते 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन मैनेजर ने सुबह 5.15 बजे सूचित किया कि लुनी रिच्छा-विक्रमगढ़ आलोट के मध्य किलोमीटर 729/02 पर डाउन दिशा में बी-1 कोच में एसएलआर के निकट आग लगने की घटना हुई है। सूचना प्राप्त होते ही रेल प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की गई। प्रभावित बी-1 कोच को रेक से अलग किया गया तथा ओएचई आपूर्ति बंद कर दी गई। घटनास्थल पर आग बुझा दी गई है।
जानकारी के अुसार ट्रेन रतलाम से रवाना होने के कुछ समय बाद ही बी-1 कोच में धुआं उठता दिखाई दिया। ट्रेन को इमरजेंसी में रोका गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। घने काले धुएं के बीच यात्रियों ने किसी तरह कोच से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कई यात्रियों ने घबराहट में कोच से कूदकर खुद को सुरक्षित किया। आग इतनी भयावह थी कि दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
रेलवे कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
रेलवे कर्मचारियों और स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित कोचों में मौजूद करीब 68 यात्रियों को तुरंत बाहर निकालकर दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेलवे राहत दल मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ये भी पढ़ें
जांच में जुटा रेलवे प्रशासन
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन और तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है। घटना कोटा रेल मंडल क्षेत्र में हुई। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि रतलाम DRM अश्विन कुमार घटना स्थल की ओर रवाना हो गए हैं। रतलाम से ART/ARME तथा टावर वैगन को भी रतलाम से घटना स्थल की ओर रवाना किया गया है।
यात्रियों को कराया जलपान
समस्त यात्री सुरक्षित हैं। कोई हताहत नहीं। प्रभावित कोच के यात्रियों को घटनास्थल पर जलपान उपलब्ध कराया गया। यात्रियों की आगे की यात्रा हेतु अन्य कोचों में समायोजित करके कोटा तक ले जाया जाएगा। कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा। कोटा से वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। गाड़ी सं. 12955 को महिदपुर रोड पर रोका गया है। खंड शीघ्र सुचारु किया जाएगा। आग लगने के कारण की जाँच की जा रही है।
दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर असर
घटना के बाद देश के सबसे व्यस्त रेल रूट्स में शामिल दिल्ली-मुंबई मार्ग पर रेल संचालन प्रभावित हो गया। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैक क्लियर होने तक आवाजाही नियंत्रित रखी। आग की घटना के बाद कुछ ट्रेनों को अन्य स्टेशन पर खड़ी की गई हैं।
ये ट्रेनें प्रभावित
- 19020 शामगढ़ खड़ी किया गया
- 12416 सुवासरा खड़ी किया गया हैं
- 05017 को नाथु खेड़ी खड़ा किया गया
- 12472 स्वराज एक्प्रेस को शामगढ़ खड़ी किया गया
- 22210 को चौमहला खड़ा किया गया हैं
- 01492 पुणे सोशल को मोड़क स्टेशन पर खड़ी किया गया
ये भी पढ़ें









