लकड़ी चोरों पर कार्रवाई ! नामली में अवैध आरा मशीनों पर प्रशासन की दबिश, बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त, संचालकों पर प्रकरण दर्ज

रतलाम के नामली क्षेत्र में वन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई। अवैध आरा मशीनों और काष्ठ भंडारण की शिकायत पर बड़ी मात्रा में लकड़ी जब्त, कई वन अपराध प्रकरण दर्ज।

लकड़ी चोरों पर कार्रवाई ! नामली में अवैध आरा मशीनों पर प्रशासन की दबिश, बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त, संचालकों पर प्रकरण दर्ज
नामली में संचालित आरा मशीन पर कार्रवाी करते वन एवं राजस्व विभाग का अमला।

शिकायतों के आधार पर कई आरा मशीनों का निरीक्षण, काष्ठ लेखा में गड़बड़ी मिलने पर वन अपराध प्रकरण दर्ज

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के नामली क्षेत्र में अवैध आरा मशीनों और लकड़ी के अवैध भंडारण शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की। वन एवं राजस्व विभाग की इस कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त की गई। मामले में आरा मशीन संचालकों के विरुद्ध प्रकरण भी दर्ज किए गए हैं।

विभिन्न स्रोतों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर नामली क्षेत्र में वन एवं राजस्व विभाग के संयुक्त दल ने धावा बोला। दल ने सबसे पहले नामली में मोहनलाल पिता रतनलाल पांचाल की आरा मशीन का निरीक्षण किया। यहां भौतिक सत्यापन करने पर 309 लट्ठे और लगभग 125 क्विंटल जलाऊ लकड़ी निर्धारित रिकॉर्ड से ज्यादा पाई गई। इससे वन विभाग ने अवैध लकड़ी जब्त कर संचालक के विरुद्ध केस दर्ज किया।

दल ने खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास रखी लकड़ी का निरीक्षण भी किया। जांच में रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई जिससे सारी लकड़ी जब्त कर ली। वन विभाग ने सुरेश नामक व्यक्ति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। इसके बाद टीम कानजी पिता प्रेमजी पटेल की लक्ष्मी शॉ मिल का निरीक्षण करने पहुंची। पंकज शर्मा की श्री विश्वकर्मा शॉ मिल का भी निरीक्षण किया। जांच में यहां सभी दस्तावेज और लकड़ी का लेखा-जोखा सही पाया गया। इससे यहां कोई कार्रवाई नहीं की गई।

ये भी पढ़ें

शिकायत के बाद हुई कार्रवाई

बताया गया है कि यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर को मिली शिकायतों के आधार पर की गई। कार्रवाई रतलाम आईएफएस एवं डीएफओ डॉ. अनुभा त्रिवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में वन विभाग के अधिकारी एस. देवड़ा, तहसीलदार आशीष उपाध्याय के अलावा पटवारी, वन एवं राजस्व विभाग का अमला मौजूद रहा।

प्रशासन की हिदायत

वन एवं राजस्व विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई को अवैध लकड़ी भंडारण और अनियमित आरा मशीनों के संचालन के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी शिकायत मिलने पर इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें