नर्मदा नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 13 की मौत, पीएम मोदी और सीएम चौहान ने जताया दुख, राहत राशि का किया ऐलान

धार जिले के खलघाट में समवार सुबह एक यात्री बस नर्मदा नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक 13 लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। राहत कार्य जारी है। पीएम नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिहं चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हादसे पर दुख जताया है।

नर्मदा नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 13 की मौत, पीएम मोदी और सीएम चौहान ने जताया दुख, राहत राशि का किया ऐलान
खलघाट में नर्मदा नदी में गिसी बस। हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए (घेरे में)।

एसीएन टाइम्स @ धार / खरगोन । सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। धामनोद के खलघाट क्षेत्र में एक अनियंत्रित बस नर्मदा नदी पर बने संजय सेतु से करीब 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक 13 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं जिनमें से बस और कंडक्टर सहि 11 की पहचान हो चुकी है। जान गंवाने वालों में तीन राजस्थान, एक मध्यप्रदेश के इंदौर तथा 7 महाराष्ट्र के हैं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजन और घायलों के इलाज के लिए राहत राशि देने की घोषणा की है।

धार जिले के धामनोद में खलघाट के पास महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम की इंदौर से पुणे जा रही बस क्रमांक एमएच 40 एन 984 पुल की रैलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे। बस के नदी में गिरते ही यात्रियों में कोहराम मच गया। अब तक 13 लोगों के शव मिल चुके हैं। इनमें 11 की शिनाख्त हो चुकी है। अधिकतर की पहचान आधार कार्ड से तो कुछ की परिजन से पहचान हुई। तीन यात्री राजस्थान के, एक मप्र के इंदौर का निवासी है। शेष 7 यात्री महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। मरने वालों में 8 महिलाएं हैं। सभी के शव धामनोद चिकित्सालय में रखे गए हैं।

जैसे ही हादसे का पता चला ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बचाने के प्रयास में जुट गए। संभागायुक्त पवन कुमार शर्मा के निर्देश पर खरगोन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम सहित अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।

धार जिले के अधिकारियों का अमला भी मोके पर पहुंचा। क्रेन की मदद से बस को नदी से बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद लेना पड़ी। मृतक में 8 पुरुष 4 महिला शामिल है। घायलों को रेस्क्यू किया जा रहा है और उन्हें उपचार के लिए धामनोद के सरकारी अस्पताल भेजा गया है।

करीब 40 यात्री थे बस में

बताया जा रहा है कि दुर्घटना स्थल से करीब 15 किमी पहले दूधी बाईपास के एक होटल पर रुकी थी। यहां पर यात्रियों ने चाय-नाश्ता की। होटल मालिक के अनुसार चाय-नाश्ता के लिए करीब 10-12 लोग आए थे। शेष बस में ही बैठे थे। 40 से अधिक लोग बस में थे। स्थानीय लोगों को अंदेशा है कि नर्मदा के तेज बहाव के चलते यात्री दूर भी जा सकते हैं। हालांकि गृह मंत्री ने बस में 14-15 यात्रियों के सवार होने की बात कही है।

इनकी हुई है शिनाख्त

  • तन पिता राम गोपाल जांगिड़, नांगल कला गोविंदगढ़ (जयपुर – राजस्थान)
  • जगन्नाथ (70) पुत्र हेमराज जोशी, मल्हारगढ़ (उदयपुर – राजस्थान)
  • प्रकाश (40) पुत्र श्रवण चौधरी, शारदा कॉलोनी अमलनेर (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • नीबाजी (60) पुत्र आनंदा पाटिल, निवासी पीलोदा अमलनेरगां (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • कमला बाई (55) पत्नी नीबाजी पाटिल, पिलोदा अमलनेर (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • चंद्रकांत (45) पुत्र एकनाथ पाटील, अमलनेर (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • अरवा (27) पत्नी मुर्तजा बोरा, मूर्तिजापुर (अकोला – महाराष्ट्र)
  • सैफुद्दीन पुत्र अब्बास, नूरानी नगर (इंदौर – मध्यप्रदेश )
  • राजू पुत्र तुलसीराम मोर, रावतभाटा (चित्तौड़गढ़ – राजस्थान)
  • अविनाश पुत्र संजय परदेसी, पाटन सराय अमलनेर (जलगांव – महाराष्ट्र)
  • विशाल (33) पुत्र सतीश बहरे, विर्देल (धुले महाराष्ट्र)

मृतकों के परिजन 6-6 लाख व घायलों को 50-50 हजार मिलेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर गहरा दु:ख जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की मदद देने की घोषणा की है। इसी तरह मुख्यमंत्री चौहान ने भी मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री खरगोन व इंदौर जिला प्रशासन के साथ निरंतर संपर्क में हैं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी जताया दुख

पूर्व सीएम कमलनाथ ने धार जिले के खलघाट में हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने सरकार व प्रशासन से युद्ध स्तर पर बचाव कार्य करने की मांग करते हुए लोगों को जल्द राहत पहुँचाने की बात कही है।