शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने दिया मतदाताओं को धन्यवाद, अपनी-अपनी जीत के किए दावे

विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न होने के बाद अब धन्यवाद और आभार का दौर शुरू हो गया है।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने दिया मतदाताओं को धन्यवाद, अपनी-अपनी जीत के किए दावे
मतदान केंद्रों पर इस तरह मतदाताओं की कतारें लगी रहीं।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न होने के बाद अब धन्यवाद और आभार का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त करने के साथ अपनी-अपनी जीत के दावे भी किए हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने सबको धन्यवाद ज्ञापित किया है। पार्टी ने दावा किया है कि मतदाताओं ने जागरूकता का परिचय देते हुए लोकतंत्र के इस महान यज्ञ में जो उत्साह प्रदर्शित किया है, उसे देखते हुए भाजपा को जिले की पांचों सीटों पर विजयश्री प्राप्त होगी। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा, विधानसभा प्रत्याशी रतलाम शहर चेतन्य काश्यप, रतलाम ग्रामीण मथुरालाल डामर, सैलाना संगीता चारेल, जावरा डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, आलोट डॉ. चिंतामणि मालवीय, जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित, विधानसभा संयोजक रतलाम शहर मनोहर पोरवाल, रतलाम ग्रामीण कन्हैयालाल पाटीदार, सैलाना भंवरलाल डोडियार, जावरा महेश सोनी एवं आलोट नंदराज जैन ने बताया कि जिले में 80 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर लोकतंत्र को मजबूती दी है।

भाजपा नेताओं ने कहा है कि जिले की सभी सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न सम्पन्न करवाने में पुलिस एवं प्रशासन, निर्वाचन आयोग की टीम एवं भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम मतदाताओं ने अहम् भूमिका निर्वाह की है। इन सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भाजपा ने विश्वास जताया है कि जिले की पांचों सीटें जीत कर भाजपा मध्यप्रदेश में पुनः सरकार बनाएगी। पार्टी नेताओं ने संकल्प पत्र के सभी संकल्पों को पूर्ण करने का संकल्प व्यक्त किया।

रतलाम शहर से कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा, सैलाना प्रत्याशी हर्षविजय गेहलोत, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मयंक जाट, शहर जिला कांग्रेस महेंद्र कटारिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश पटेल ने भी मतदाताओं के प्रति आभार ज्ञापित किया है। सभी ने प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वचन पत्र से प्रभावित होकर लोगों ने इस बार ज्यादा मतदान किया है। 

3 दिसंबर को फिर मनेगी प्रदेश में भाजपा की दीपावली

जावरा विधानसभा में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेंद्र पाण्डेय, विधानसभा चुनाव प्रभारी महेश सोनी, विधानसभा चुनाव अभिकर्ता एडवोकेट विजय औरा, सह संयोजक बद्रीलाल शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश बग्गड, राजेन्द्र सिंह गूडरखेड़ा, राजेश शर्मा, अमित पाठक, मीडिया संयोजक प्रफुल जैन ने विधानसभा के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान लाड़ली बहनों, नव मतदाता, युवाओं व किसानों ने जो उत्साह दिखाया वह स्वागत योग्य है। भाजपा प्रत्याशी सहित सभी पदाधिकारियों ने इस दौरान चुनाव प्रक्रिया में भागीदारी करने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन के समस्त अधिकारियों, जवानों, पत्रकारों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सभी प्रतिनिधियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित कर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस गंभीरता से सभी लोगों ने प्रक्रिया को पूर्ण किया वह प्रशंसा योग्य है। त्योहारों के समय की चुनौतियों को स्वीकार जिस प्रकार सभी ने कार्य किया उसकी जितनी तारीफ की जाय वह कम है। भाजपा प्रत्याक्षी डॉ. पाण्डेय सहित सभी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश व क्षेत्र में हुए उत्साहपूर्ण मतदान संकेत देते है कि जावरा सहित सम्पूर्ण प्रदेश मे भाजपा विजय की ओर अग्रसर होकर फिर एक बार सरकार बनाने जा रही है। 3 दिसंबर के दिन पूरे प्रदेश में एक बार फिर दीपावली संपन्न होगी।

रतलाम ग्रामीण की जनता को दिया धन्यवाद, कार्यकर्ताओं का बढ़ाया उत्साह

रतलाम ग्रामीण कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मणसिंह डिंडोर ने लोकतंत्र के पर्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने व रतलाम ग्रामीण विधानसभा में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर धन्यवाद ज्ञापित कर आभार माना है। डिंडोर ने कहा है कि रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में 83 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर जागरूकता का परिचय दिया है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। डिंडोर ने रतलाम ग्रामीण विधानसभा में शांतिपूर्ण मतदान होने पर ग्रामीणों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, प्रशासन एवं निर्वाचन आयोग की टीम को भी धन्यवाद दिया है।