भाजपा की मनीषा शर्मा बनीं नगर निगम की पहली महिला अध्यक्ष, धामनोद, आलोट व आलोट में भाजपा के अध्यक्ष, नामली में निर्दलीय जीतीं

नगर निकायों के लिए अध्यक्ष पद के चुनाव बुधवार को हुए। पांच परिषदों में से 4 में भाजपा ने जीत दर्ज की तो कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली।

भाजपा की मनीषा शर्मा बनीं नगर निगम की पहली महिला अध्यक्ष, धामनोद, आलोट व आलोट में भाजपा के अध्यक्ष, नामली में निर्दलीय जीतीं
भाजपा पार्षद मनीषा शर्मा बनीं नगर निगम अध्यक्ष।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के 5 नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के चुनाव में पांच से 4 में भाजपा ने जीत दर्ज की। रतलाम नगर निगम में मनीषा शर्मा पहली महिला निगम अध्यक्ष चुनीं गईं। उन्होंने कांग्रेस की भावना पैमाल को 18 वोट के अंतर से पराजित किया। उधर, धामनोद में भाजपा की दुर्गा डिंडोर, आलोट में ममता विमल जैन और ताल में मुकेश परमार अध्यक्ष चुने गए। वहीं नामली में निर्दलीय अनीता परिहार को जीत हासिल हुई।  

बुधवार को रतलाम नगर निगम अध्यक्ष का चुनाव कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता, नवनिर्वाचित महापौर प्रहलाद पटेल और आयुक्त अभिषेक गेहलोत की मौजूदगी में हुआ। भाजपा ने पूर्व एमआईसी सदस्य मनीषा शर्मा को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया। 49 में से सिर्फ 15 पार्षद होने के बावजूद कांग्रेस ने भावना पैमाल को प्रत्याशी बनाया। महापौर पटेल, पार्षद मनीषा शर्मा, भगत सिंह भदौरिया, निशा पवन सोमानी, प्रीति कसेरा, कमरुद्दीन कचवाय, शांतिलाल वर्मा, नासिर कुरैशी, धर्मेंद्र रांका, धर्मेंद्र व्यास, योगेश पापटवाल, अक्षय संघवी, भावना पैमाल, दिलीप गांधी, कविता चौहान, सलीम बागवान,

संगीता सोनी, सपना त्रिपाठी, मनीषा व्यास सहित सभी पार्षदों ने मत डाले।

चुनाव में भाजपा शर्मा को 34 वोट मिले जबकि सदन में पार्टी के 30 पार्षद भाजपा के टिकट पर निर्वाचित होकर आए हैं। वहीं कांग्रेस की पैमाल को 16 वोट प्राप्त हुए जो कांग्रेस के कुल पार्षदों की संख्या 15 से 1 ज्यादा हैं। दोनों पार्टिंयों को उनके कुल पार्षदों से क्रमशः 3 व 1 ज्यादा मिले वोट निर्दलीय पार्षदों के हैं। इससे कलेक्टर सूर्यवंशी ने शर्मा को विजयी घोषित किया। नवनिर्वाचित निगम अध्यक्ष शर्मा का महापौर पटेल सहित अन्य ने स्वागत किया और बधाई दी।

आखिरी वक्त में बताया अधिकृत प्रत्याशी का नाम

नगर निगम महापौर और पार्षद पद पर भाजपा ने उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। महापौर के रूप में भाजपा के प्रहलाद पटेल विजयी हुए। इसी प्रकार 49 में से 30 पदों पर भाजपा, चार पर निद्लीय और 15 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की। बावजूद नगर निगम अध्यक्ष पद के चुनाव में खरीद-फरोख्त की आशंका के चलते पार्टी ने आखिर वक्त तक गोपनीयता बरती। पार्टी ने अध्यक्ष पद के लिए अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा ऐनवक्त पर लिफाफा ओपन कर दी। लिफाफे में रखे पत्र पर अध्यक्ष पद के लिए मनीषा शर्मा का नाम था। हालांकि पहले पूर्व एमआईसी सदस्य भगतसिंह भदौरिया, मनीषा शर्मा और दिलीप गांधी के नामों की चर्चा थी।

अपील समिति का हुआ गठन

बुधवार को ही नगर निगम सभागृह में आयोजित निगम के प्रथम सम्मेलन में जिला कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी ने अपील समिति के चार सदस्यों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाई। सिर्फ चार ही नामांकन दाखिल हुए। इनमें मनीषा व्यास, सविता चौहान, धीरज कुवंर व परमानन्द योगी को निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान एडीएम एम. एल. आर्य, एसडीएम संजीव केशव पाण्डेय व तहसीलदार गोपाल सोनी सहित निगम के अधिकारी मौजूद थे।

धामनोद में दुर्गा डिंडोर निर्विरोध निर्वाचित, नामली में निर्दलीय को मिली कुर्सी

धामनोद नगर परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा की दुर्गा डिंडोंर निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। दरअसल यहां तय समय तक भाजपा की दुर्गा ने नामांकन दाखिल किया लेकिन उनके विरोध में किसी ने दावेदारी नहीं जताई। नतीजतन दुर्गा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया। वहीं  तय समय तक उनके सामने किसी ने भी फार्म ही नहीं भरा। इसके उलट नामली नगर परिषद में चुनाव रोचक ढंग से हुआ। यहां भाजपा ने निर्दलीय चुनाव लड़कर पार्षद बनीं चंदा सोनावा को अधिकृत प्रत्याशी बनाया। चंदा पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं भाजपा नेता नरेंद्र सोनावा की पत्नी हैं। पूर्व परिषद अध्यक्ष सोनावा घोटाले के एक मामले में फरार हैं। यहां निर्दलीय प्रत्याशी अनीता परिहार और कांग्रेस की ममता डाबी ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। सभी 15 पार्षदों ने मत डाले जिनमें से निर्दलीय अनीता को 8, भाजपा की चंदा को 6 और कांग्रेस की ममता को महज 1 वोट  मिला। इससे अनीता को निर्वाचित घोषित किया गया।

चुनाव परिणाम सुन कर अचेत हो गईं भाजपा प्रत्याशी, रतलाम रैफर

निर्वाचन अधिकारी ने जैसे ही परिणाम की घोषणा की भाजपा की चंदा सोनावा की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने से उन्हें रतलाम रैफर करना पड़ा।

कांग्रेस के पार्षद ज्यादा, फिर भी भाजपा को मिली जीत

ताल नगर परिषद में कांग्रेस के पार्षदों की संख्या भाजपा से ज्यादा है। बावजूद यहां भाजपा अध्यक्ष बनाने में कामयाब हो गई। भाजपा के मुकेश परमार ने 11 वोट हासिल कर विजयश्री प्राप्त की। वहीं आलोट में भाजपा की ममता जैन व कांग्रेस के पवन शर्मा ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए। कुल 15 वोट डाले गए जिनमें से ममता को 11 व पवन को 4 वोट मिले।