राजनीति में इच्छा और महत्वाकांक्षां होती है, लेकिन मर्यादा सर्वोपरि, भाजपा के कार्य जनता को बताएं - विधायक चेतन्य काश्यप

नगर निगम अध्यक्ष निर्वाचित होने पर भाजपा पार्षद मनीषा शर्मा ने भाजपा कार्यालय पहुंच कर पार्टी के पितृपुरुषों को नमन किया। इसके बाद उनका विधायक चेतन्य काश्यप के जनसंपर्क कार्यालय में स्वागत किया गया।

राजनीति में इच्छा और महत्वाकांक्षां होती है, लेकिन मर्यादा सर्वोपरि, भाजपा के कार्य जनता को बताएं - विधायक चेतन्य काश्यप
नगर निगम अध्यक्ष निर्वाचित होने पर भाजपा पार्षद मनीषा शर्मा का स्वागत करते विधायक चेतन्य काश्यप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अध्यक्ष पद के लिए संगठन ने जो निर्णय लिया उस पर रतलाम में हमारे सभी पार्षद बंधुओं ने 100 प्रतिशत मोहर लगाई है। सबसे बड़ी बात यह थी कि किसी के चेहरे पर शिकन तक नहीं आई। राजनीति के क्षेत्र में हमारी इच्छा और महत्वाकांक्षा भी होती है लेकिन मर्यादा को भी रखना होता है। हमारी सबसे बड़ी महत्वाकांक्षा यह हो कि जनता के भरोसे पर खरा उतरे।

यह बात  विधायक चेतन्य काश्यप ने कही। वे नगर निगम अध्यक्ष पद पर भाजपा पार्षद मनीषा मनोज शर्मा के निर्वाचित होने पर आयोजित स्वागत समारोह में कही। उन्होंने कहा एक साल बाद प्रदेश का चुनाव है। भाजपा ने इतने काम किए हैं कि आप उन्हें आमजन तक पहुंचाए। आपको सुबह 6 बजे से उठकर आमजन की चिंता करना है। छोटे-छोटे प्रलोभनों में न पड़कर वार्ड में काम करने वाले कर्मचारी पर धीरे-धीरे नकेल कसें। पार्षदगण को कोई समस्या हो, तो महापौर जी को बताएं, वे अधिकारी से चर्चा करेंगे।

मिशन-2023 का लक्ष्य 50 हजार वोट से जीत, काश्यप को प्रदेश में सबसे ज्यादा वोट से जीतना है - पटेल

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि अब हमें मिशन 2023 के लिए काम करना है और हमारा लक्ष्य यहीं रहेगा कि पचास हजार की जीत से काम नहीं चलेगा, जनसंख्या के हिसाब से विधायक काश्यप को मध्यप्रदेश में सबसे अधिक वोटों से जीताना है। उन्होंने कहा कि वार्ड में किसी के यहां खुशी या गम हो, उसकी जानकारी सबको होना चाहिए। हम किसी की खुशी में भले ही शामिल नहीं हो लेकिन गम में हमें जरूर शामिल होना चाहिए। पार्षदगण को पर्यवेक्षक अनिल जैन कालूहेड़ा ने भी सम्बोधित किया। संचालन चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल ने किया। आभार जिला महामंत्री ने माना।

यह भी पढ़ें... भाजपा की मनीषा शर्मा बनीं नगर निगम की पहली महिला अध्यक्ष, धामनोद, आलोट व आलोट में भाजपा के अध्यक्ष, नामली में निर्दलीय जीतीं

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि इससे पूर्व चुनाव के बाद महापौर प्रहलाद, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा सहित सभी भाजपा पार्षदगण रैली के रूप में विधायक चेतन्य काश्यप के जनसंपर्क कार्यालय पर पहुंचे। विधायक जनसंपर्क कार्यालय पर नवनिर्वाचित निगम अध्यक्ष का विधायक काश्यप, महापौर एवं पर्यवेक्षक अनिल जैन कालूहेड़ा ने स्वागत किया। 

भाजपा कार्यालय में पितृपुरुषों को नमन

यहां निगम अध्यक्ष शर्मा ने पार्टी के पितृपुरुषों डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। निगम अध्यक्ष शर्मा पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी के निवास पर भी पहुंचीं और आशीर्वाद प्राप्त किया। कोठारी ने सबका मुंह मीठा करवाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। निर्वाचन से पूर्व रूद्र पैलेस में हुई बैठक में मनीषा शर्मा को अध्यक्ष प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा पर्यवेक्षक कालूहेड़ा ने की।

ये रहे मौजूद

इस दौरान विधायक चेतन्य काश्यप, जिला महामंत्री, चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल, सहसंयोजक जयवंत कोठारी, पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, मंडल अध्यक्ष कृष्णकुमार सोनी, निलेश गांधी, मंडल प्रभारी विनोद यादव व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।