प्रियंका गांधी, कमलनाथ व अरुण यादव के खिलाफ FIR दर्ज, शिवराज सरकार पर 50% कमीशन लेने वाली सरकार होने का आरोप लगाने पर भाजपा ने की शिकायत

इंदौर के संयोगितागंज थाने में भाजपा ने प्रियंका गांधी, कमल नाथ और अरुण यादव के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है।

प्रियंका गांधी, कमलनाथ व अरुण यादव के खिलाफ FIR दर्ज, शिवराज सरकार पर 50% कमीशन लेने वाली सरकार होने का आरोप लगाने पर भाजपा ने की शिकायत
प्रियंका गांधी, कमल नाथ, अरुण यादव।

एसीएन टाइम्स @ इंदौर / भोपाल । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (वाड्रा), पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रमुख अरुण यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। भाजपा की शिकायत पर संयोगितागंज थाने में केस दर्ज किया गया है। कार्रवाई मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह सरकार को 50 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार कहने के बयान को लेकर की गई है। ऐसी ही एक शिकायत भोपाल में भी भाजपा नेताओं द्वारा की गई है।

भाजपा के विधि प्रकोष्ठ के निमेश पाठक की शिकायत पर संयोगितागंज थाने में केस दर्ज किया गया। उन्होंने पुलिस को की गई शिकायत में बताया है कि प्रियंका गांधी पर ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक पत्र के द्वारा भ्रामक आरोप लगाया गया। पाठक ने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है। संयोगितागंज पुलिस ने मामले में प्रियंका गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। भाजपा ने ईओडब्ल्यू विभाग में भी शिकायत दर्ज कराई।

हम FIR से डरने वाले नहीं- अरुण यादव

एफआईआर दर्ज होने को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के नेता अंग्रेजों की फांसियों से नहीं डरे, तो फिर इस तरह की FIR से क्या डरेंगे? 

क्राइम ब्रांच में शिकायत की

भाजपा ने कांग्रेस को चौतरफा घेरने की तैयारी कर ली है। शनिवार को क्राइम ब्रांच में प्रदेश भाजपा के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी क्राइम ब्रांच पहुंचे। वहां उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा, कमलनाथ और अन्य नेताओं के खिलाफ क्राइम ब्रांच में लिखित शिकायत दी। सारंग ने कहा कि- 'मप्र में चुनाव आते ही कांग्रेस रोज झूठ का सहारा ले रही है।'