रतलाम में इसलिए भड़के हिंदू संगठन, क्योंकि- इन इलाकों की मांस की अवैध दुकानें सबको दिखती हैं, सिर्फ जिम्मेदारों को नजर नहीं आती

रतलाम में नगर निगम सहित अन्य जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते शहर ही नहीं, आसपास के इलाकों में भी मांस व मांसाहार की अवैध दुकानें संचालित हो रही हैं। रतलाम की ये दुकानें तो अपराधों को बढ़ाने में भी सहायक हो रही हैं।

May 15, 2022 - 14:35
 0
रतलाम में इसलिए भड़के हिंदू संगठन, क्योंकि- इन इलाकों की मांस की अवैध दुकानें सबको दिखती हैं, सिर्फ जिम्मेदारों को नजर नहीं आती
चिकन दुकान का सांकेतिक चित्र।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर में बूचड़खानों की संख्या लगातार बढ़ी रहीं और नगर निगम के जिम्मेदार हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। रविवार को गोवंश की हत्या के बाद हिंदू संगठनों के उग्र प्रदर्शन के दौरान इन अवैध बूचड़खानों को बंद करने की मांग फिर उठी। हालांकि नगर निगम का अमला, प्रशासन और पुलिस के साथ सैंपलिंग और लाइसेंस जांचने निकल तो पड़ा है लेकिन कार्रवाई कितनी गंभीरता से होगी यह आने वाले समय में ही तय होगा।

150

मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गोकशी सहित विभिन्न अपराधों को लेकर लगातार प्रशासन और पुलिस पर दबाव बना रहे हैं। बावजूद गोकशी सहित अन्य अपराध फलफूल रहे हैं। लोगों का आरोप है कि यह जिम्मेदार अफसरों और कर्मचारियों के प्रश्रय के बिना संभव नहीं है। इस प्रश्रय के चलते ही शहर में मांस की अवैध दुकानों की बाढ़ आ गई है। पहले शहर के कुछ ही इलाकों में मांस की दुकानें संचालित थीं लेकिन अब किसी भी गली-मोहल्ले अथवा शराब की दुकान के आसपास देखी जा सकती हैं।

500
200

शहर के इन इलाकों में खुलेआम बिक रहा नॉनवेज

रोटरी हाल के आगे भारतीय स्टेट बैंक के सामने स्थित होटल हो या फिर दीनदयालनगर के प्रवेश द्वारा के पास वीर सावरकर मार्केट के सामने तथा नाहरपुरा वाली सड़क से शाम के समय गुजरना तो काफी दुष्कर हो गया है। पोलोग्राउंड के पास लोकेंद्र भवन के सामने, पुराने जावरा फाटक के दूसरे छोर पर तो मुख्यमार्ग से लेकर डीजलशेड रोड तक नॉनवेज की दुकानें सजी हुई हैं। डोसीगांव, बिरियाखेड़ी, डोंगरानगर में भी अवैध दुकानों की भरमार है। ज्यादातर इलाकों में दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर अवैध रूप से मांसाहार बेचा जा रहा है। अधिकतर दुकानों पर मांस और मांसाहार को खुले में प्रदर्शित किया जा रहा जिससे इन इलाकों से गुजरना नॉनवेज का सेवन नहीं करने वालों के लिए दुश्वार हो रहा है।

विधायक ही नहीं, मुख्यमंत्री तक जा रहीं शिकायतें

रतलाम शहर को नॉनवेज की मंडी बनने की आशंका से ग्रस्त लोगों द्वारा मामले में विधायक और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तक से शिकायतें की गई हैं। बताया जा रहा है कि लोगों ने अपनी शिकायतों में साफ तौर पर नगर निगम के अधिकारियों पर ऐसे लोगों को प्रश्रय देने का आरोप लगाया है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।