शहर की जनता को पर्याप्त मात्रा में हो पानी की आपूर्ति, वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए जो भी जरूरी है वह तत्काल करें - विधायक काश्यप

नगर निगम द्वारा 2055 को देखते हुए जलप्रदाय व्यवस्था करने को लेकर कंसल्टेंट द्वारा प्रेजेंटेशन दिया गया। इस दौरान विधायक चेतन्य काश्यप ने व्यवस्था में सुधार के लिए हर संभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

शहर की जनता को पर्याप्त मात्रा में हो पानी की आपूर्ति, वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए जो भी जरूरी है वह तत्काल करें - विधायक काश्यप
जल प्रदाय व्यवस्था को लेकर कंसल्टेंट द्वारा दिए गए प्रेजेंटेशन को लेकर निर्देश देते विधायक चेतन्य काश्यप।

वर्ष 2055 को ध्यान में रखते हुए जल वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए कन्सलटेंट ने प्रस्तुत की नगर निगम की योजना

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर में आमजन को पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति होनी चाहिए। जल वितरण व्यवस्था में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। शहरवासियों को जल आपूर्ति की वर्तमान व्यवस्था में सुधार के लिए जो किया जा सकता है, वह किया जाए। भविष्य के लिए भी ऐसी सशक्त कार्य योजना बनाई जाए कि किसी प्रकार की समस्या निर्मित ही ना हो।

यह निर्देश विधायक चेतन्य काश्यप ने जल वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए दिए। उन्होंने महापौर प्रहलाद पटेल की उपस्थिति में नगर निगम के कन्सलटेन्ट वास्तु शिल्पी प्रोजेक्ट एण्ड कन्सलटेन्ट भोपाल द्वारा दिया गया प्रेजेन्टेशन देखा। इसमें जल वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए वर्तमान में क्या प्रयास किए जाए और भविष्य में वर्ष 2055 को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम की योजना की प्रस्तुति दी गई।

अमृत मिशन के तहत जल व्यवस्था सुदृढ़ करने की बन रही कार्ययोजना

बैठक में शहर की जल प्रदाय व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त कर धोलावाड़ जलाशय से अधिक से अधिक जल आपूर्ति कराने पर विचार विमर्श किया गया। निगम अधिकारियों द्वारा बताया गया कि अमृत-2 योजना के तहत रतलाम शहर में जल वितरण व्यवस्था के लिए 82.5 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से भविष्य में जल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की कार्य योजना बनाई जा रही है।

2055 की कार्ययोजना के लिए अन्य स्रोत की संभावनाएं तलाशें

काश्यप ने निगम अमले को स्पष्ट कहा कि वर्तमान जल वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए जो करना पड़े, वह तत्काल करें। आमजन को जल आपूर्ति में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए, क्योंकि वर्तमान में धोलावाड़ में पर्याप्त जल संग्रहित है। वर्ष 2055 की कार्य योजना हेतु अन्य जल स्त्रोत की संभावनाओं को तलाशा जाए और उन्हें भी कार्य योजना में शामिल किया जाए। महापौर प्रहलाद पटेल ने भी निगम अमले को वर्ष 2055 के दृष्टिगत बनने वाली कार्य योजना में प्रत्येक पहलू का ध्यान रखने को पाबंद किया। बैठक में निगम आयुक्त अभिषेक गेहलोत, सिटी इन्जीनियर सुरेशचन्द्र व्यास, सत्यप्रकाश आचार्य, श्याम सोनी, भैय्यालाल चौधरी, कन्सलटेन्ट कम्पनी के दीप अग्रवाल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।