MP में कल से होगी हिन्दी में डॉक्टरी की पढ़ाई, केंद्रीय मंत्री अमित शाह करेंगे श्री गणेश, हिन्दी में ज्ञान का प्रकाश कार्यक्रम आज

मध्यप्रदेश में 16 अक्टूबर से हिंदी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। शुभारंभ केंद्रीय मंत्री अमित शाह करेंगे। इसकी तैयारियों की समीक्षा सीएम शिवराज सिंह चौहान ने की।

MP में कल से होगी हिन्दी में डॉक्टरी की पढ़ाई, केंद्रीय मंत्री अमित शाह करेंगे श्री गणेश, हिन्दी में ज्ञान का प्रकाश कार्यक्रम आज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 16 अक्टूबर से हिंदी में पढ़ाई शुरू किए जाने के ऐलान पर रतलाम में दीप प्रज्ज्वलित कर शुखी मनाई गई।

मुख्यमंत्री ने हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई के शुभारंभ की तैयारियों की समीक्षा की

रतलाम में खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री राम खेलावन पटेल उपस्थित रहे

एसीएन टाइम्स @ रतलाम / भोपाल । हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू कर मध्यप्रदेश नया इतिहास रचने जा रहा है। हिन्दी में मेडिकल की पढ़ाई शुरू कर हम अंग्रेजी के बिना काम नहीं चल सकता की मानसिकता को बदलने की ओर अग्रसर हो रहे हैं। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को हिन्दी में मेडिकल की पढा़ई का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर एमबीबीएस प्रथम वर्ष की हिन्दी पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। यह गुलाम मानसिकता से मुक्ति का पर्व होगा, जो एक सामाजिक क्रांति है। 

यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे मुख्यमंत्री चौहान, केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में 16 अक्टूबर को लाल परेड ग्राउंड पर होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। सीएम निवास स्थित कार्यालय पर बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, सामाजिक कार्यकर्ता हितानंद शर्मा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे। वहीं रतलाम एनआईसी कक्ष में खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री राम खेलावन पटेल, विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, पूर्व विधायक संगीता चारेल, नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. जितेन्द्र गुप्ता आदि उपस्थित थे।

मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक भारतीय भाषाओं को पढ़ाई का माध्यम बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। विश्व पटल पर हमारी प्रतिभाएँ अपनी मातृ भाषा से स्थापित हो सकें, इसी उद्देश्य से मध्यप्रदेश में चिकित्सा एवं अभियांत्रिकी की शिक्षा हिन्दी माध्यम से देने की पहल की गई है। इससे हिन्दी माध्यम से अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। उनकी नैसर्गिंक प्रतिभा का प्रकटीकरण होगा। मध्यप्रदेश से हो रही यह शुरुआत हमारे लिए गौरव का विषय है।

हर जिले और स्कूल-कॉलेज में होंगे आयोजन

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा 16 अक्टूबर को होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए वातावरण निर्माण की गतिविधियाँ 15 अक्टूबर से आरंभ की जाएँ। सभी जिलों में 15 अक्टूबर को हिन्दी प्रेमी सम्मेलन हों, सभी स्कूल, कॉलेजों में हिन्दी में ज्ञान के प्रकाश कार्यक्रम में संगोष्ठियाँ तथा अन्य गतिविधियाँ की जाएं। विद्यार्थियों को यह जानकारी दी जाए कि हिन्दी में भी मेडिकल की पढ़ाई संभव है। साथ ही 15 अक्टूबर की शाम को भोपाल सहित सभी जिलों के प्रमुख स्थानों पर हिन्दी में ज्ञान के प्रकाश कार्यक्रम में दीपक प्रज्ज्वलित किया जाए।

इन गतिविधियों में उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालय, श्रमोदय विद्यालय, कृषि महाविद्यालय, तकनीकी शिक्षा, आयुष एवं चिकित्सा शिक्षा से संबंधित महाविद्यालय, संगीत एवं नाट्य विद्यालय और सभी निजी विश्वविद्यालयों को जोड़ा जाए। सभी शिक्षण संस्थाओं में 16 अक्टूबर के मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुनिश्चित किया जाए और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को वर्चुअल जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री चौहान ने कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।

रतलाम में दीप प्रज्वलित कर जताई खुशी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में मेडिकल साइंस की पढ़ाई हिंदी में प्रारंभ करने की खुशी एवं उपलक्ष्य में पुराने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित गुलाब चक्कर में शनिवार शाम बडी संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर अभिषेक गहलोत, जिला शिक्षा अधिकारी के. सी. शर्मा, सहायक संचालक देवड़ा, आईटीआई प्राचार्य यू. पी. अहिरवार तथा बड़ी संख्या में मौजूद नागरिकों व बच्चों ने दीप प्रज्वलित कर विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया।