संस्कारों की महिमा ! जो कार्य संस्कार कर सकते हैं, वे सरकार के लिए भी संभव नहीं हैं- प्रमोद बार्छे
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा रतलाम में जिला समन्वय समिति का पुनर्गठन किया गया। इस मौके पर शान्तिकुञ्ज हरिद्वार के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण की जो प्रक्रिया और उद्देश्य समझाया था, उसे जीवन में उतारना अत्यावश्यक है। संस्कारों की शिक्षा पहले परिवार में मिलती है और जो कार्य संस्कार कर सकते हैं, वो सरकार द्वारा भी संभव नहीं है। अतः अपनी संस्कृति और संस्कारों की गौरव गरिमा का भान हम सभी को होना चाहिए।
यह बात गायत्री परिवार के मुख्यालय शान्तिकुञ्ज हरिद्वार के प्रतिनिधि प्रमोद बार्छे ने रतलाम में संपन्न हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार रतलाम की जिला समन्वय समिति के पुनर्गठन के दौरान कही। आयोजन गायत्री शक्तिपीठ डोंगरेधाम शंकरगढ़ पर शान्तिकुञ्ज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। माताजी भगवती देवी शर्मा के जन्मशताब्दी समारोह आयोजन में उभरे संकल्पों को पूर्ण करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश के सभी जिलों में गायत्री परिवार की जिला शाखाओं की तहसील एवं जिला समन्वय समितियों का पुनर्गठन कार्यक्रम हो रहा है। इसी तारतम्य में रतलाम में हुए आयोजन में उज्जैन उपजोन समन्वयक प्रभाकर सोनोने, प्रांतीय युवा प्रकोष्ठ समन्वयक विवेक चौधरी उपस्थित रहे। अध्यक्षता गायत्री परिवार ट्रस्ट रतलाम के पातीराम शर्मा ने की।
ये भी पढ़ें
परिजन दायित्व बोध के साथ युग निर्माण में दें योगदान- चौधरी
इस अवसर पर युवा प्रकोष्ठ के प्रांतीय समन्वयक विवेक चौधरी ने परिजनों से आग्रह किया कि हर परिजन अपने जिम्मेदारी को समझे और दायित्व बोध के साथ यथासंभव युग निर्माण के विशिष्ट अभियान में अपना योगदान अवश्य दें। उज्जैन उपझोन समन्वयक प्रभाकर सोनोने ने पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सत्संकल्प पाठ के माध्यम से परिजन के समर्पित प्रयासों एवं सेवाओं की विवेचना करते हुए भविष्य की कार्य योजनाओं पर प्रकाश डाला।
समिति में इन्हें मिले दायित्व
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ देवपूजन एवं अतिथियों को मंगल तिलक लगाकर किया गया। बाद में सर्वसहमति से 15 सदस्यीय नवीन जिला समन्वय समिति का गठन किया गया। इसमें दामोदर शर्मा (धराड़) को पुनः जिला समन्वयक का दायित्व दिया गया। मुख्य ट्रस्टी पातीराम शर्मा को पदेन सहसमन्वयक के, डॉ. आई. पी. त्रिवेदी सहसमन्वयक की जिम्मेदारी दी गई। जिले की 9 तहसीलों के प्रतिनिधियों संजय गुप्ता (जावरा), रोहित शर्मा (गोलू), योगेश पाटीदार, राधेश्याम बोड़ाना, कांतिलाल राठौड़, मुकेश परमार, प्रहलाद गेहलोत, निशा धनोतिया, यश देराश्री को विभिन्न अभियानों का दायित्व सौंपा। गोपाल सिंह तोमर तथा महिला मंडल की प्रेमलता साहू एवं ऋतु सैनी का भी जिला समन्वय समिति के सदस्य के रूप में चयन किया गया। सभी प्रतिनिधियों का मंगल तिलक कर अभिनंदन किया गया।
ये भी पढ़ें
ये उपस्थित रहे
कार्यक्रम में गायत्री परिवार उज्जैन उपझोन समन्वय समिति सदस्य अर्जुन सिंह चौहान (रतलाम) और मंजुला पालीवाल (रिंगनोद) के अलावा मदनमोहन साहू, लालशंकर पाटीदार, महेश चौहान, सुरेंद्र जोशी, निर्भयराम पाटीदार, सुरेंद्र ठाकुर, कुसुम चौहान, हेमा शर्मा, शशि त्रिवेदी, आशा उपाध्याय, अलकनंदा भावसार आदि सहित रतलाम शहर, ग्रामीण, रावटी बाजना, सैलाना, ताल, जावरा, आलोट, पिपलौदा के गायत्री परिजन भी उपस्थित रहे।






