रतलाम में गरजा बुलडोजर ! लक्कड़पीठा से चांदनीचौक तक जमींदोज किए मकान और दुकान, 15 हजार रुपए प्रति घंटे के हिसाब से वसूली भी होगी

रतलाम में काफी समय बाद सोमवार को नगर निगम के बुलडोजर गरज उठे और दो से तीन मंजिले भवनों के 2 से 4 मीटर तक का हिस्सा सख्ती से ढहा दिए।

Mar 10, 2026 - 01:18
 0
रतलाम में गरजा बुलडोजर ! लक्कड़पीठा से चांदनीचौक तक जमींदोज किए मकान और दुकान, 15 हजार रुपए प्रति घंटे के हिसाब से वसूली भी होगी
रतलाम के लक्कड़पीठा और चांदनीचौक क्षेत्र में नगर निगम के अमले ने बुलडोजर से मकान-दुकान के अतिक्रमण ढहाए।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मोहलत की अवधि खत्म होते ही नगर निगम का बुलडोजर शहर के चांदनीचौक से लक्कड़पीठा तक गरज उठा। यहां मकानों और दुकानों के 2 से 4 मीटर तक के अतिक्रमण सख्ती के साथ जमींदोज कर दिए गए।

शहर में बाजना बस स्टैण्ड से चांदनी चौक तक 600 मीटर फोरलेन का निर्माण किया जाना है। करीब 6.32 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले फोरलेन के लिए नगर निगम द्वारा पिछले साल अक्तूबर-नवंबर में नपती कर अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे। तब 192 मकानों के 2 से 4 मीटर तक के निर्माण तोड़ने के लिए भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से कई लोगों ने स्वेच्छा से निर्माण तोड़ लिए थे जबकि 24 से अधिक मकान-दुकानों के मालिकों द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिया।

ये भी पढ़ें

9 मार्च तक की दी थी मोहलत

नगर निगम द्वारा प्रस्तावित फोरलेन के दायरे में आ रहे सभी मकान-दुकानों के चिह्नित अतिक्रमण तोड़ने के लिए 9 मार्च 2026 तक की मोहलत दी थी। मोहलत की अवधि खत्म होते ही नगर निगम आयुक्त अनिल भाना अधीनस्थ अमले और पुलिस के साथ लक्कड़पीठा क्षेत्र पहुंचे। अमले में कार्यपालन यंत्री महेश सिरोहिया, सहायक यंत्री अनवर कुरैशी, उपयंत्री मनीष तिवारी आदि मौजूद रहे। आयुक्त का इशारा मिलते ही बुलडोजर गरज उठे और तीन से चार माले तक बने निर्माणों को धराशायी करना शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें

अतिक्रमण तोड़ने का रुपया वसूलेगी निगम

आयुक्त भाना ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम द्वारा सभी को खुद ही अपने निर्माण तोड़ने की मोहलत दी थी। इसके बावजूद 27 लोगों ने अपने निर्माण नहीं तोड़े जिससे अब नगर निगम को तोड़ना पड़ रहे हैं। यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। आयुक्त ने कहा है कि निगम द्वारा उक्त निर्माण तोड़ने के लिए मकान-दुकान मालिकों से 15 हजार रुपए प्रति घंटे के हिसाब से राशि भी वसूलेगी। इसके लिए सभी को नोटिस दिए जा रहे हैं।

महापौर भी दे चुके हैं हिदायत

बता दें कि, एक दिन पूर्व ही महापौर प्रहलाद पटेल क्षेत्र का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने रहवासियों से कहा था कि जो भी अपना अतिक्रमण 8 मार्च (रविवार) तक नहीं हटाएंगे उनके अतिक्रमण 9 मार्च से जेसीबी, पोकलेन व गैंग के माध्यम से हटाए जाएंगे। पटेल ने बताया था कि चांदनी चौक से बाजना बस स्टैण्ड तक का फोरलेन सड़क अतिशीघ्र बनाया जाना है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। मास्टर प्लान अनुसार फोरलेन सड़क की चौड़ाई 18 मीटर रहेगी। इसमें डिवाइडर व पैदल चलने के लिए दोनों तरफ फुटपाथ का निर्माण भी किया जाना है।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।