घर के बाहर बाटियां सेंक रही थीं तीन बहनें, नगर निगम के कचरा वाहन की टक्कर से एक की मौत व दो घायल, भीड़ ने चालक को पीटा व वाहन के कांच फोड़े, चक्काजाम किया

मप्र के रतलाम शहर के बिरियाखेड़ी इलाके में एक कचरा संग्रह वाहन की टक्कर से एक युवती की मौत हो गई जबकि एक युवती घायल हो गई। गुस्साई भीड़ ने आरोपी चालक को पीट दिया व वाहन के कांच भोड़ दिए। चक्काजाम कर हंगामा भी किया।

घर के बाहर बाटियां सेंक रही थीं तीन बहनें, नगर निगम के कचरा वाहन की टक्कर से एक की मौत व दो घायल, भीड़ ने चालक को पीटा व वाहन के कांच फोड़े, चक्काजाम किया
हादसे का शिकार हुई पूनम भूरिया

प्रत्यक्षदर्शी बोले- घटना के बाद चालक ने नहीं रोका वाहन, 500 मीटर तक घसीटता ले गया, एसडीएम व सीएसपी की समझाइश के बाद माने लोग

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के बिरियाखेड़ी में उत्सव वाले एक घर में सोमवार दोपहर मातम पसर गया। नगर निगम के एक अनियंत्रित कचरा वाहन की टक्कर से एक युवती की मौत हो गई और दो युवतियां घायल हुईं। जब हादसा हुआ तब युवतियां अपने भतीजे के मन्नत कार्यक्रम के बाद परिजन के लिए घर के बाहर बाटियां सेंक रहीं थी। इससे रहवासी भड़क गए और उन्होंने वाहन में तोड़फोड़ कर चक्काजाम कर दिया। लोगों ने अस्पताल में भी हंगामा किया। उन्हें शांत करने के लिए एसडीएम और सीएसपी सहित अन्य को काफी मशक्कत करना पड़ी।

हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ। बिरियाखेड़ी मेन रोड निवासी मेघराज भूरिया के बड़े बेटे की मन्नत का एक दिन पूर्व कार्यक्रम था। इसके लिए परिजन घर में जुटे थे। उनके लिए मेघराज की बेटियां सावित्री, सुमित्रा और पूनम सोमवार दोपहर घर के बाहर बाटी सेंक रहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी दौरान पीछे से नगर निगम का एक अनियंत्रित कचरा संग्रह वाहन तेज गति से आया और सावित्री व सुमित्रा को टक्कर मार कर घायल कर दिया। पैर में चोट लगने से सावित्री की चीख निकल गई। चीख सुनकर परिजन और आसपास के रहवासी घटनास्थल पहुंच गए। टक्कर के बाद चालक ने कचरा वाहन की गति बढ़ा दी और तभी सामने मौजूद पूनम वाहन में लटक गई। आरोपी चालक ने वाहन रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी और पूनम को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों घायल बहनों को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने पूनम को मृत घोषित कर दिया।

भीड़ ने चालक और वाहन पर निकाला गुस्सा, चक्काजाम भी किया

हादसे के बाद आरोपी चालक पल्सोड़ा की ओर वाहन भगा कर ले जा रहा था। घटना से गुस्साए लोगों ने बमुश्किल वाहन रुकवाया। उन्होंने आरोपी चालक की जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं उन्होंने वाहन के कांच भी फोड़ दिए। लोगों ने अस्पताल और बिरियाखेड़ी क्षेत्र में चक्काजाम कर विरोध जताया। उन्होंने जुलवानिया जाने के लिए पहुंचे निगम के अन्य वाहनों को भी आगे नहीं जाने दिया। हंगामा बढ़ने पर औद्योग क्षेत्र थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जानकारी मिलने पर एसडीएम अभिषेक गेहलोत और सीएसपी हेमंत चौहान भी पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने उनसे निगम के वाहनों का रूट बदलने तथा स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। इस पर अधिकारियों ने जल्द कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया।

नशे में था वाहन चालक, पूनम को 500 मीटर तक घसीटता ले गया

मृतका पूनम के भाई गोविंद ने बताया रविवार को घर में मान संस्कार का कार्यक्रम था। सोमवार दोपहर बाटी सेंकने के दौरान कचरा वाहन क्रमांक MP43G4361 ने तीनों बहनों को टक्कर मार दी। आरोपी वाहन चालक का नाम रणवीर उर्फ सोनू है। वह नशे में धुत् होकर वाहन चला रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद चालक पूनम को वाहन से करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घायल सावित्री और अंगूरबाला करीब दो घंटे तक पुलिस तथा अस्पताल से पूनम के लौटने का इंतजार करती रहीं। पूनम का शव शाम करीब 4 बजे घर पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया।

आरोपी वाहन चालक को किया राउंडअप

औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी ओ. पी. सिंह के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया है। धारा 304-A के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वाहन चालक रणवीर सिंह को राउंडअप कर लिया गया है। सिंह के अऩुसार रहवासियों ने आरोप लगाया है कि चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हैं। मामले की जांच की जा रही है।