रतलाम : ऐतिहासिक प्याऊ जमींदोज, इंदिरा गांधी ने 1956 में किया था उद्घाटन, सड़क निर्माण के लिए नगर निगम ने ढहा दिया

रतलाम शहर की ऐतिहासिक प्याऊ को नगर निगम ने बीती राह सड़क निर्माण के लिए ढहा दिया। इस प्याऊ का निर्माण छह दशक पूर्व हुआ था और इसका उद्घाटन इंदिरा गांधी द्वारा किया गया था।

रतलाम : ऐतिहासिक प्याऊ जमींदोज, इंदिरा गांधी ने 1956 में किया था उद्घाटन, सड़क निर्माण के लिए नगर निगम ने ढहा दिया
रतलाम के चौमुखीपुल चौराहा स्थित प्याऊ नगर निगम ने ढहा दी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के चौमुखीपुल चौराहा स्थित ऐतिहासिक प्याऊ बीती रात जमींदोज हो गया। 6 दशक से भी ज्यादा पुराने प्याऊ को नगर निगम ने सड़क निर्माण के लिए ढहा दिया। प्याऊ का उद्घाटन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने रतलाम प्रवास के दौरान किया था। 

चौमुखी पुल चौराहे पर स्थित प्याऊ का निर्माण करीब 66 साल पहले हुआ था। इसका उद्घाटन इंदिरा गांधी ने 2 सितंबर 1956 को किया था। बाद में इसका जीर्णोद्धार न्यू सुपर क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन ने तत्कालीन विधायक हिम्मत कोठारी के कार्यकाल में करवाया था। यह ऐतिहासिक प्याऊ बीती रात नगर निगम की लोक निर्माण शाखा ने बुलडोजर की मदद से ढहा दिया। नगर निगम आयुक्त सोमनाथ झारिया ने बताया वर्तमान में निगम द्वारा चौमुखी पुल से घास बाजार तक सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। चूंकि प्याऊ का अधिकांश हिस्सा सड़क पर था जिससे यातायात बाधित होता था। नागरिकों की सुविधा व यातायात को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रवासियों की सहमति उक्त प्याऊ को हटाने का निर्णय लिया गया।

प्याऊ ढहाने से पहले उसमें लगे वाटर कूलर सहित अन्य सामग्री और शिलालेख को भी सुरक्षित रूप से निकाला गया। शिलालेख को मौके पर मौजूद पीयूष बाफना, बसंत पंड्या सहित अन्य ने संभाला। तत्पश्चात प्याऊ तोड़ने का काम शाम 7 बजे शुरू किया गया जो रात 1.30 बजे तक चला। प्याऊ ढहने के बाद ही उसका मलबा भी निगम अमले द्वारा उठवा दिया गया ताकि सड़क निर्माण में परेशानी न हो। आयुक्त के अनुसार सड़क बनने के बाद क्षेत्र में एक छोटे प्याऊ का निर्माण करवाया जाएगा।

प्याऊ हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम के कार्यपालन यंत्री सुरेशचन्द्र व्यास, मोहम्मद हनीफ शेख, उपयंत्री राजेन्द्र मिश्रा, सुहास पंडित, अनवर कुरैशी, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी ए. पी. सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।