मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का दूसरा चरण 10 मई से, कलेक्टर सूर्यवंशी ने बैठक लेकर निर्धारित की रूपरेखा

  मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का दूसरा चरण 10 मई को शुरू होगा। इस दौरान 15 विभागों के 67 सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाया जाएगा।

मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान का दूसरा चरण 10 मई से, कलेक्टर सूर्यवंशी ने बैठक लेकर निर्धारित की रूपरेखा
जनसेवा अभियान 2.0 की तैयारी को लेकर अधिकारियों को निर्देश देते कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  जिले में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां जोरों पर हैं। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने शुक्रवार को बैठक लेकर जिले में क्रियान्वयन की रूपरेखा निर्धारित की गई। उन्होंने बताया कि अभियान की तैयारियों के दृष्टिगत जुड़े हुए विभागों के सभी अधिकारियों कर्मचारियों के अवकाश प्रतिबंधित किए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा अनुसार जिले में अभियान का क्रियान्वयन गंभीरता के साथ किया जाकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गंभीरता बरती जा रही है। कलेक्टर ने बताया कि वे प्रतिदिन रात्रि में बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों से तैयारियों का जायजा लेंगे। जिला मुख्यालय और जनपद रतलाम के अधिकारी, कर्मचारी बैठक में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मे उपस्थित रहेंगे। जनपद पंचायतों के अधिकारी, कर्मचारी वीसी के माध्यम से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का दूसरा चरण आगामी 10 से 25 मई तक आयोजित किया जाएगा। इसके तहत 15 विभागों के 67 सेवाओं का लाभ हितग्राहियों को मिलेगा।

...तो अधिकारी होंगे जिम्मेदार

कलेक्टर ने अधिकारियों को सुनिश्चित करने को कहा कि 25 मई के पश्चात उक्त विभागों के कोई भी हितग्राही लाभ से वंचित नहीं रहे अर्थात अभियान के अंतिम तिथि के पश्चात कोई भी हितग्राही वंचित रहा तो संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होगा। कलेक्टर ने कहा कि अभियान के क्रियान्वयन के दौरान संभवत प्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान का जिले में आगमन हो सकता है। इसके अलावा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी.एस. भदौरिया भी जिले में आएंगे। अभियान के दौरान विभागों में प्राप्त आवेदनों के अलावा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त हितग्राहियों के आवेदनों का निराकरण भी किया जाएगा।

अधिकारी लोगों के घर जाकर पूछे समस्याएं

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अधिकारी, कर्मचारी अभियान के दौरान लोगों के घर घर जाकर पूछेंगे कि आपको कोई प्रॉब्लम तो नहीं है। यदि उनके कोई समस्या होगी तो तत्काल निराकरण किया जाएगा। अभियान के दौरान कई विभागों द्वारा नवाचार किए जाएंगे कार्यक्रम का प्रारंभ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होगा। 

राजस्व विभाग ऐसे कर रहा तैयारियां

मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2.0 को सफल बनाने के लिए राजस्व विभाग ने प्रारंभिक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत 5 मई को तहसील शहर अन्तर्गत आने वाली 21 ग्राम में हल्का पटवारी द्वारा बी-1 का वाचन किया गया। इसमें राजस्व अभिलेख में दर्ज मृतक खातेदारों के नामों को चिन्हांकित कर उनके विधिक वारिसों के नाम एकत्र किए गए एवं फौती नामान्तरण एवं विभिन्न सेवां के 223 आवेदन प्राप्त किए गए। इनका निराकरण जनसेवा 2.0 अभियान के तहत किया जाएगा।

ये लाभ मिलेंगे लोगों को

परिवारिक एवं अविदित बंटवारा के आवेदन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराया गया एवं लोगों से राजस्व विभाग की चिन्हांकित सेवाओं के सम्बन्ध में अधिकाधिक आवेदन करने हेतु जागरूक किया गया। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2.0 के अन्तर्गत राजस्व विभाग द्वारा चिन्हांकित सेवाओं में चालू खसरा खतौनी की प्रतिलिपि का प्रदाय, चालू नक्शा प्रतिलिपि का प्रदाय, अविवादित नामान्तरण, अविवादित बंटवारा शामिल हैं।

इसी प्रकार सामान्य प्रशासन द्वारा चिन्हांकित सेवाओं में कानूनी बाध्यता के कारण स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र जारी करना, आय प्रमाण-पत्र प्रदाय करना, अनुसूचित जाति, जनजाति के जाति प्रमाण पत्र प्रदाय करना, अन्य पिछड़ा वर्ग के जाति प्रमाण-पत्र, विमुक्त, घुमक्कड़, अर्द्ध घुमक्कड़ जाति के प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्रों में जन्म तिथि, आधार और समग्र में सुधार करना, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रमाण-पत्र एवं सम्पत्ति प्रमाण-पत्र प्रदाय करना शामिल है। विभिन्न स्थानों पर जैसे अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय एवं पटवारी हलका कार्यालयों में शिविरों का आयोजन कर आवेदन लिए जाएंगे। इनका त्वरित निराकरण किया जाएगा।