भाजपा के पितृ पुरुष एवं संगठन शिल्पी स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष में चलेगा समर्पण निधि संग्रह अभियान, 11 फरवरी को होगी शुरुआत

भाजपा द्वारा 11 फरवरी से समर्पण निधि संग्रह अभियान शुरू किया जा रहा है। स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष के तहत संचालित होने वाले अभियान के दौरान हर बूथ से समर्पण निधि संग्रह का आह्वान रतलाम, मंदसौर व नीमच जिले के प्रभारी रतलाम विधायक चेतन्य काश्यप ने किया है।

भाजपा के पितृ पुरुष एवं संगठन शिल्पी स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी वर्ष में चलेगा समर्पण निधि संग्रह अभियान, 11 फरवरी को होगी शुरुआत
विधायक चेतन्य काश्यप रतलाम जिला भाजपा की बैठक को संबोधित करते हुए।

जिला भाजपा की बैठक में रतलाम-मंदसौर-नीमच जिले के प्रभारी रतलाम विधायक काश्यप ने हर बूथ से समर्पण निधि एकत्र करने का किया आह्वान

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भाजपा के पितृ पुरुष, संगठन शिल्पी स्व. कुशाभाऊ ठाकरे के जन्म शताब्दी वर्ष में समर्पण निधि संग्रह अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत 11 फरवरी को महाअभियान के रूप में होगी। अभियान की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए रतलाम-मंदसौर-नीमच जिले के प्रभारी शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने सभी बूथ से समर्पण निधि संग्रहित करने का आह्वान किया।

विधायक काश्यप ने बताया ठाकरेजी ने ही मध्यप्रदेश से भाजपा में संगठन विस्तार के साथ-साथ संचालन कार्य हेतु आजीवन सहयोग निधि लेने की शुरुआत की थी। इसे अब पूरे देश में अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। उन्होंने कि ठाकरेजी के शताब्दी वर्ष के दौरान भाजपा ने संगठन विस्तार के लिए पहले बूथ विस्तारक अभियान चलाया और समर्पण निधि संग्रह अभियान की शुरूआत करने जा रही है। इस अभियान से पार्टी और मजबूत होगी।

समर्पण निधि देने वालों को कूपन भी दिए जाएंगे

रतलाम विधायक काश्यप ने कहा कि ठाकरेजी की स्मृति में इस बार अभियान को समर्पण निधि का नाम दिया गया है। इसमें 100, 500, 1000, 2000, 5000, 10000 रुपए एवं इससे अधिक राशि प्राप्त कर कूपन प्रदान किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं से राशि एकत्र करने के साथ ही पार्टी के शुभचिंतकों से भी सहयोग लिया जाएगा। अभियान में पार्टी पदाधिकारी के साथ सभी मोर्चा के पदाधिकारी भी सक्रिय भूमिका निर्वाह करेंगे। काश्यप ने रतलाम जिले में अधिक से अधिक समर्पण निधि संग्रहित करने का आह्वान किया। संचालन जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने किया। आभार मण्डल अध्यक्ष निलेश गांधी ने माना। 

बैठक में ये रहे मौजूद

जिला महामंत्री संगीता चारेल, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, प्रदेश कार्य समिति सदस्य आशा मौर्य, अशोक पोरवाल, जिला उपाध्यक्ष ओपेन्द्रसिंह, दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, रतनलाल लाकड़, जिला कोषाध्यक्ष जयवंत कोठारी, जिला मंत्री सोना शर्मा, राजेन्द्र पाटीदार, शैलेन्द्रसिंह सिसौदिया, जिला सहमीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष हरिराम शाह, जिलाध्यक्ष रामसिंह दरबार, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहीम शैरानी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष, भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति सदस्य अनुकूल सोनी व मण्डल अध्यक्ष व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिला समर्पण निधि संग्रह अभियान समिति गठित

जिला भाजपा सहमीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया 11 फरवरी से आरंभ होने वाले समर्पण निधि संग्रह अभियान के लिए रतलाम जिले हेतु भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिला स्तरीय समिति का गठन किया है। इसमें जिला संयोजक प्रदीप चौधरी, सहसंयोजक जयवंत कोठारी बनाए गए हैं। सदस्य के रूप में शांतिलाल पाटीदार, किशोरीलाल कसेरा, संजय बंटी पितलिया, मंगल लोढ़ा एवं डॉ. विजय चारेल शामिल किए गए हैं। सांसद सुधीर गुप्ता, गुमानसिंह डामोर, अनिल फिरोजिया, रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप, जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय, रतलाम ग्रामीण विधायक एवं पूर्व विधायक जितेन्द्र गेहलोत पदेन सदस्य रहेंगे।

4 दिन में पूर्ण करें बूथ विस्तारक अभियान

भाजपा की जिला बैठक में बूथ विस्तारक अभियान की मण्डलवार समीक्षा की गई। अभियान के संभाग आईटी प्रभारी सोमेश पालीवाल ने अब तक हुए कार्य की जानकारी दी। बैठक में सभी मण्डलों में बूथ विस्तारक अभियान का कार्य 4 दिन में पूरा करने का लक्ष्य दिया गया। मण्डल अध्यक्षों ने अपने-अपने मण्डल में हुए कार्य की जानकारी दी।