त्रिदेव कार्यकर्ता सम्मेलन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने दिलाया हर बूथ पर जीत का संकल्प, कहा- 51 फीसदी वोट का लक्ष्य पाने का करें प्रयास

भाजपा ने रतलाम नगर में महापौर व पार्षद पद के अपने प्रत्याशियों को विजय दिलाने के लिए त्रिदेव कार्यकर्ता बैठक आहूत की। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने 51 प्रतिशत वोट पाने का लक्ष्य प्राप्त करने का प्रयास करने का आह्वान किया।

त्रिदेव कार्यकर्ता सम्मेलन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने दिलाया हर बूथ पर जीत का संकल्प, कहा- 51 फीसदी वोट का लक्ष्य पाने का करें प्रयास
त्रिदेव कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वी. डी. शर्मा।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को रतलाम में त्रिदेव कार्यकर्ता बैठक में नगर निगम चुनाव हेतु कार्यकर्ताओं को हर बूथ पर जीत का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि रतलाम नगर निगम का एक वार्ड तो भाजपा निर्विरोध जीत चुकी है। शेष सभी वार्ड और महापौर का चुनाव भी भारी बहुमत से जीतेगी। भाजपा की असली ताकत उसके कार्यकर्ता है। पार्टी टिकट किसे भी दे, लेकिन असल में चुनाव कार्यकर्ता ही लड़ता है और जीतता है। निगम चुनाव को माईक्रो मैनेजमेंट से लड़े और हर बूथ पर जीत दर्ज करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा निगम चुनाव को लेकर कार्यकर्ता भ्रम में न रहें। चुनाव की हर गतिविधि को गंभीरता से लें और 51 प्रतिशत मत प्राप्त करने का लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बूथ स्तर तक हुए संगठनात्मक कार्य की पूरे देश में प्रशंसा हुई है। भाजपा ने इस चुनाव में बूथ जीता-चुनाव जीता का नारा इसीलिए दिया है, कि बूथ के माध्यम से ही हम सभी वार्डों में पार्षद के साथ महापौर पद का चुनाव जीतेंगे। शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में संचालित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

कांग्रेस को परिवार, भाजपा को कार्यकर्ता चलाते हैं

प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती आई है। उसे आज भी एक परिवार चला रहा है, जबकि भाजपा को उसका कार्यकर्ता चलाता है। यही वजह है कि सामान्य कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री जैसे पद को सुशोभित करता है। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने अपराधी पृष्ठभूमि के व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया है, जिसे यदि कोर्ट तारीख नहीं बढ़ाती तो नामांकन भरने के बाद जेल हो जाती। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चुनाव लड़ाने वाली पार्टी को जनता ही करारा जवाब देगी। भाजपा कार्यकर्ता मतदाताओं को 2003 तक बीमारू राज्य रहे मध्यप्रदेश की स्थिति बताए और इसके बाद भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास की जानकारी दें। कांग्रेस ने डेढ़ साल के पिछले शासनकाल में कई जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी थी। कोरोना काल में आमजन के साथ कौन रहा, यह मतदाता को बताए। हितग्राही भाजपा के एम्बेसेडर हैं। उनके माध्यम से कार्यकर्ता जन-जन तक भाजपा की लोक कल्याणकारी नीतियों को पहुंचाएं।

रतलाम को महानगर बनाएंगे - सांसद डामोर

सांसद गुमानसिंह डामोर ने कहा कि नगर निगम के चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। इससे रतलाम के विकास की दिशा तय होगी। भाजपा ने रतलाम को नगर से महानगर बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे केन्द्र और राज्य सरकार के सहयोग से पूरा किया जाएगा।

शहर विकास के लिए नगर सरकार जरूरी - विधायक काश्यप

विधायक चेतन्य काश्यप ने कहा कि शहरवासियों ने विकास के जो भी कार्य देखे हैं वे तभी होते हैं, जब सरकार के साथ ताल-मेल रहे। रतलाम को महानगर बनाने के लिए भाजपा की नगर सरकार जरूरी है। कांग्रेस के डेढ़ वर्ष के शासन काल में शहर के विकास कार्य अवरुद्ध हो गए थे। शहर में भाजपा के 3 महापौर पहले रहे हैं। इस बार भी महापौर के साथ पूर्ण बहुमत के साथ परिषद् बनाएंगे। महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की जान होते हैं। कांग्रेस के शासन काल में कोई सुखी नहीं रहा, इसलिए इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजय बनाएं। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्रसिंह लुनेरा ने चुनाव की तैयारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्वास जताया कि रतलाम नगर निगम सहित जिले की सभी निकायों में भाजपा जीत दर्ज करेगी।

निर्विरोध पार्षद का किया स्वागत, भाजपा की ली सदस्यता

त्रिदेव कार्यकर्ता बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रतलाम के वार्ड क्रमांक-30 से भाजपा का खाता खोलने वाली पहली निर्विरोध पार्षद शबाना खान का स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा की उपस्थिति में कांग्रेस कार्यकर्ता उज्जवल राठौर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। शर्मा ने दुपट्टा ओढाकर स्वागत किया।

ये थे मंचासीन

बैठक में प्रदेशाध्यक्ष शर्मा के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष राजेन्द्रसिंह लुनेरा, सांसद गुमानसिंह डामोर, विधायक चेतन्य काश्यप, महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मौर्य, अशोक पोरवाल, निमिष व्यास, जिला महामंत्री संगीता चारेल, चुनाव संयोजक मनोहर पोरवाल, सहसंयोजक जयवंत कोठारी, निगम चुनाव प्रभारी अशोक यादव, पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, बजरंग पुरोहित, जिला उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, सुनील सारस्वत, जिला मंत्री सोना शर्मा, शैलेन्द्रसिंह सिसौदिया, जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी, चिकित्सा प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक डॉ. राजेश शर्मा, खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक यतेन्द्र भारद्वाज, भाजयुमो जिलाध्यक्ष, महिला मोर्चा प्रदेश सदस्य, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष इब्राहिम शैरानी, जिला अध्यक्ष मंसूर जमादार, मण्डल अध्यक्ष निलेश गांधी एवं मण्डल प्रभारी विनोद यादव आदि मंचासीन रहे।