कसा शिकंजा ! एक दिन पूर्व जेल भेजा गया कॉलोनाइजर मनीष सुराना 4 दिन की पुलिस रिमांड पर, गोल्ड कॉम्प्लेक्स की जमीन के नाम पर ठगी का मामला

धोखाधड़ी के मामले में जेल पहुंचे कॉलोनाइजर मनीष सुराना को 4 दिन की रिमांड पर स्टेशन रोड पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस निर्माणाधीन गोल्ड कॉम्प्लेक्स की जमीन के नाम पर की गई ठगी के मामले में पूछताछ करेगी।

Mar 17, 2026 - 22:22
Mar 17, 2026 - 23:09
 0
कसा शिकंजा ! एक दिन पूर्व जेल भेजा गया कॉलोनाइजर मनीष सुराना 4 दिन की पुलिस रिमांड पर, गोल्ड कॉम्प्लेक्स की जमीन के नाम पर ठगी का मामला
मनीष सुराना, कॉलोनाइजर।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । धोखाधड़ी में माहिर कॉलोनाइजर मनीष सुराना की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। अभी तक गिरफ्तारी से बचते घूम रहे आरोपी को एक दिन पूर्व न सिर्फ जेल हो गई बल्कि पुलिस ने एक अन्य मामले में 5 दिन की रिमांड पर भी ले लिया है। पुलिस आरोपी सुराना के विरुद्ध दर्ज अन्य मामलों की फाइलें भी खंगाल रही है।

नगर निगम में शहर की गोपालनगर कॉलोनी के बंधक रखे भूखंड धोखाधड़ी कर बेचने के मामले में कॉलोनाइजर मनीष सुराना को प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी द्वारा सोमवार को जमानत आवेदन खारिज कर जेल भेज दिया था। संभावना जताई जा रही थी कि आरोपी की ओर से जमानत के लिए एक और प्रयास करने की तैयारी की जा रही थी लेकिन पुलिस ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर आरोपी सुराना को 4 दिन की रिमांड पर सौंपने का अनुरोध न्यायालय से किया जिसे स्वीकार कर लिया गया है। न्यायालय से आरोपी को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।

ये भी पढ़ें

इंदौर के ज्वैलर के साथ की धोखाधड़ी

स्टेशन रोड पुलिस द्वारा आरोपी मनीष सुराना को इंदौर के ज्वैलर देवेंद्र सोनी से 35 लाख रुपए की ठगी को लेकर दर्ज प्रकरण में पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। सुराना पर आरोप है कि उसने सोनी को रतलाम में नगर निगम के सामने निर्माणाधीन समदड़िया गोल्ड कॉम्प्लेक्स की जमीन का सौदा करवाने के नाम पर 35 लाख रुपए ऐंठ लिए थे। इसकी शिकायत सोनी ने स्टेशन रोड थाने में दर्ज करवाई थी।

ये भी पढ़ें

खारिज हो चुकी है जमानत याचिका

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है किंतु वह फरार चल रहा था। आरोपी ने अलग-अलग मामलों में क्रमशः मप्र उच्च न्यायालय और स्थानीय न्यायालय में जमानत के लिए याचिकाएं लगा दी थीं लेकिन दोनों ही न्यायालयों से राहत नहीं मिली। यही कारण है कि आरोपी ने सोमवार को न्यायालय में सरेंडर कर दिया था जहां से उसे जेल भेजने के आदेश हुए थे। यह संज्ञान में आते ही स्टेशन रोड पुलिस ने उसे रिमांड पर मांग लिया। एसपी अमित कुमार के अनुसार आरोपी को 4 दिन की रिमांड पर सौंपा गया है।

ये भी पढ़ें

बड़ा भाई भी बदनाम कॉलोनाइजर

आरोपी मनीष सुराना का बड़ा भाई कॉलोनाइजर राजकुमार उर्फ राजू सुराना भी धोखाधड़ी के मामले में काफी बदनाम है। जमीनों के घोटालों के लिए जानी जाने वाली पूनम विहार कॉलोनी में राजकुमार भी पार्टनर है। सूत्रों की मानें तो राजकुमार को कुछ दिन पूर्व ही चेक बाउंस के मामले में सजा भी सुनाई गई थी और अर्थदंड भी किया गया था।

Google NewsFollow Us
Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।