कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन : मयंक जाट को महापौर और उनके नेतृत्व में कांग्रेस की परिषद बनाने का किया ‘विजयनाद’
नगरीय निकाय चुनाव के चलते शहर कांग्रेस ने बुधवार को कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। इसमें महापौर प्रत्याशी मयंक जाट ने लोगों से किए गए वादे को पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। वरिष्ठों ने 11 जुलाई के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के रोड शो को सफल बनाने आह्वान भी किया।
![कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन : मयंक जाट को महापौर और उनके नेतृत्व में कांग्रेस की परिषद बनाने का किया ‘विजयनाद’](https://acntimes.com/uploads/images/2022/07/image_750x_62c5bb3170139.jpg)
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का रोड शो ऐतिहासिक बनाने का संकल्प भी लिया
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगर निगम में महापौर (अभी प्रत्याशी) मयंक जाट के नेतृत्व में कांग्रेस की परिषद बनाने का ‘विजयनाद’ बुधवार को हुए शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन एक मत और एक स्वर में लिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा परिषद की विफलताओं और वाद खिलाफी को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। इस मौके पर महापौर पद के प्रत्याशी जाट ने रतलाम के प्रत्येक वार्ड को आदर्श बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि- हर वार्ड का चहुमुखी विकास ही हमारी शपथ है। इसी विश्वास पर जनता हमें नगर सरकार की जिम्मेदारी सौंपने जा रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन छोटूभाई की बगीची में आयोजित किया गया था। इसमें मुख्य रूप से शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, पूर्व विधायक पारस सकलेचा, संयोजक रामचंद्र धाकड़, वरिष्ठ नेता फतेहलाल कोठारी, प्रेमलता दवे, चंद्रप्रकाश मेहता, रामचंद्र गवली, पार्षद प्रत्याशी संजय दवे, शांतिलाल मालवीय, पूर्व पार्षद फैयाज मंसूरी, शैलेंद्र सिंह अठाना, चंद्र प्रकाश पुरोहित, जितेंद्र पण्डित, अजय चत्तर, धीरज मूंदड़ा, अनिल झालानी, कैज़ार मनासी, जोएब आरिफ, किशन भानीगामा, शान्तु गवली सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यहां कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर मंथन करते हुए आगे की रूपरेखा तय की गई।
मयंक जाट के नेतृत्व में बनेगा कांग्रेस का बोर्ड- कटारिया
सम्मेलन के आरम्भ में स्वागत भाषण महेंद्र कटारिया ने दिया। उन्होंने कहा कि रतलाम नगरीय निकाय चुनाव में हमारे पक्ष में जबरजस्त माहौल है। जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। हर वार्ड में महापौर और वार्ड पार्षद प्रत्याशियों को अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। हम सभी इस समर्थन को विजय में परिवर्तित करवाने के लिए जुट जाएं। यही हमारा ‘विजयनाद’ होना चाहिए। हमारी विजय सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि इस बार युवा उर्जावान महापौर मयंक जाट के नेतृत्व में कांग्रेस का बोर्ड बनने जा रहा है। जनता ने विगत परिषदों में भाजपा की कथनी और करनी का फर्क देख लिया है। उन्होंने 11 जुलाई को पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के रतलाम में रोड शो सहित अन्य कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। सम्मेलन में उपस्थित वरिष्ठों ने भी मार्गदर्शन दिया।
रतलाम का विकास जनभावना के अनुरूप करेंगे- जाट
महापौर उम्मीदवार मयंक जाट ने कहा कि मैंने तय किया है कि रतलाम का विकास जनभावना के अनुरूप होना चाहिए। इसी पावन शपथ को लेकर रतलाम के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है कि हमारा विकास पत्र जनसुझावों के आधार पर तैयार हो रहा है। हमारे इस विचार को जनता ने खूब सराहा है और हमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में सुझाव मिल रहे हैं। हम सभी का समावेश कर रतलाम के विकास की संकल्पना को मूर्त रूप देंगे।
हर वार्ड से सकारात्मक फीडबैक सुखद
महापौर प्रत्याशी जाट ने कहा कि अभी तक मैंने शहर में लगभग 90 फीसदी वार्डों में आपके सहयोग और उपस्थिति में जनसम्पर्क पूरा कर लिया है। हर वार्ड से हमें भरपूर आशीर्वाद मिल रहा है, जो किसी बड़े परिवर्तन का स्पष्ट संकेत है। सभी कार्यकर्ता इसी उत्साह और जोश के साथ जुटे रहें। उन्होंने बताया कि अभी तक जन सरोकार से जुड़े मुद्दे पर जो भी शपथ ली है उन्हें लेकर मतदाताओं का बड़ा ही सकारात्मक फीडबैक मिल रहा है। यही हमारी सबसे बड़ी सफलता है कि मतदाताओं ने हमारे विचार को स्वीकार किया है। हम सभी वरिष्ठजन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से नगर सरकार में बोर्ड बना रहे हैं।
वार्ड 16 और 21 में जनसम्पर्क किया
वार्डवार अपने जनसंपर्क अभियान "आपका बेटा आपके द्वार" के अंतर्गत महापौर उम्मीदवार मयंक ने वार्ड क्र. 16 और 21 में पार्षद उम्मीदवारों के साथ जनसम्पर्क किया। न्यू बाजना बस स्टैंड, गोपाल कॉलोनी, कलमी कॉलोनी, पटेल कॉलोनी, हयात नगर के अतिरिक्त लक्कड़पीठा, गवली मोहल्ला, कांगसी गली, सिलावटों का वास, हरिजन बस्ती, छोटू भाई बगीची आदि क्षेत्रों में जाकर मतदताओं से आशीर्वाद लिया।
7 जुलाई को यहां होगा जनसंपर्क
महापौर प्रत्याशी मयंक 7 जुलाई को सुबह 9.30 बजे आरामलाल के सामने दवाबाजार, पीपली चौक, दीक्षितजी गली, नजरबाग, बाईजी का वास, मोचीपुरा, हाथी खाना तथा दोपहर 12.30 बजे तेलियों की सड़क स्थित कांग्रेस कार्यालय, तेजा गर, श्मसान रोड, शुभ् रेसिडेंसी, बालाजी नगर, प्रजापति नगर, संत रविदास चौक, ब्राह्मणों की गली, रामगढ़ पोस्ट ऑफिस वाली गली में जनसंपर्क करेंगे। इसी दिन शाम 5 बजे जाट मोहननगर चौराहा, पेट्रोलपंप, डोगरेनगर, शुभमश्री कॉलोनी, रिद्धी-सिद्धी कॉलोनी, आशाराम बापू नगर, सिंधी कॉलोनी, कांग्रेस कार्यालय के आसपास जनसंपर्क करेंगे।