भाजपा प्रत्याशी पटेल का वादा : महापौर के वेतन से जरूरतमंद बच्चियों की भरूंगा फीस, पार्षद के रूप में मिला वेतन भी जनहित में किया खर्च

भाजपा का चुनावी महाजनसंपर्क जारी है। इस दौरान महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल लोगों से रूबरू होकर अपनी प्राथमिकताएं गिना रहे हैं। उन्होंने महापौर के रूप में मिलने वाले भत्ते को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की। 

Jul 8, 2022 - 10:58
 0
भाजपा प्रत्याशी पटेल का वादा : महापौर के वेतन से जरूरतमंद बच्चियों की भरूंगा फीस, पार्षद के रूप में मिला वेतन भी जनहित में किया खर्च
भाजपा महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल जनसंपर्क करते हुए।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मानसून के दौर में अब बारिश के बीच भी भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल संबंधित क्षेत्र के पार्षद प्रत्याशी के साथ भीगते हुए जनसंपर्क और जनसंवाद कर रहे हैं। पटेल ने वार्ड 43 की प्रत्याशी प्रीति कसेरा व वार्ड 44 की प्रत्याशी के साथ बारिश में भीगते हुए जनसंपर्क किया। जनसंवाद में उनसे जब वेतन-भत्ते का सवाल किया गया, तो पटेल ने बताया पार्षद के रूप में मिले वेतन को उन्होंने जनहित में खर्च किया और महापौर का वेतन भी ऐसे ही खर्च करेंगे।

पटेल ने कहा कि वे बच्चियां जो मेधावी होकर आर्थिक रूप से कमजोर हैं, वे वेतन की राशि से उनकी फीस भरेंगे। इस राशि का इससे अच्छा उपयोग नहीं हो सकता। महापौर प्रत्याशी के उत्तर सुनकर आमजन ने उनका दिली स्वागत किया। पटेल और पार्षद प्रत्याशी को लोगों ने जब बारिश में भीगते हुए जनसंपर्क करते देखा, तो कुछ लोग उनके लिए छाता ले आए। जनसंपर्क के दौरान प्रत्याशी क्षेत्र के रहवासियों का आशीर्वाद लेने के जुनून में इस कदर भीग रहे थे कि उन्हें पानी में गिले होने का कोई एहसास ही नहीं था। जनसंपर्क के लिए जिस क्षेत्र में भी वह जा रहे हैं, वहां लोग उनके स्वागत-सत्कार के लिए खड़े दिख रहे हैं। कुछ देर प्रत्याशीगण को पानी से बचाने के लिए साथ चल रहे लोगों ने छाता लगाया, लेकिन जब उसका कोई मतलब निकलता नहीं दिखा, तो उन्होने उसे बंद कर दिया।

इन क्षेत्रों में हुआ जनसंपर्क

वार्ड 43 में गणेश मंदिर रामगढ़, पुरोहित भवन, हनुमान रुंडी, राम मोहल्ला, प्रेम उपाध्याय के घर से सुनार बावड़ी रोड, चांदनीचौक, कसारा बाजार, मोतीपूज्य जी मंदिर, चौमुखीपुल, चांदनीचौक, बोहरा बाखल, वार्ड 44 में त्रिपोलिया गेट से चांदनी चौक की ओर डॉ. रचित अग्रवाल के क्लीनिक, बोहराबाखल, आजाद चौक, लक्कड़पीठा होते हुए सिलावटों का वास चौराहे पर समापन हुआ। जनसंपर्क में प्रवीण सोनी, विवेक शर्मा, धर्मेंद्र देवड़ा, आशीष डागा सहित अन्य मौजूद रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।