मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह क्षेत्र उज्जैन में कांग्रेस की रणनीतिक चाल, रतलाम के महेंद्र कटारिया को बनाया ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ अभियान का प्रभारी

कांग्रेस ने ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ एवं ‘मतदाता सूची गहन परीक्षण’ अभियान को गति देने के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। उज्जैन दक्षिण विधानसभा की जिम्मेदारी रतलाम के पूर्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया को सौंपी गई है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह क्षेत्र उज्जैन में कांग्रेस की रणनीतिक चाल, रतलाम के महेंद्र कटारिया को बनाया ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ अभियान का प्रभारी
रतलाम के महेंद्र कटारिया को उज्जैन दक्षिण में वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान की कमान मिली।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । पूर्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया को कांग्रेस ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उन्हें उज्जैन दक्षिक्षण विधानसभा क्षेत्र का विशेष जिम्मा सौंपा है। कटारिया संगठन के ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ एवं ‘मतदाता सूची गहन परीक्षण’ अभियान के प्रभारी बनाए गए हैं।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस द्वारा 15 अक्टूबर 2025 तक ‘वोट चोर – गद्दी छोड़’ एवं ‘मतदाता सूची गहन परीक्षण’ अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के 5 करोड़ लोगों के हास्ताक्षर और समर्थन हासिल करने का लक्ष्य  रखा गया है। अभियान को गति देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी विधानसभाओं के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। ये प्रभारी मतदाता सूची के पुनरीक्षण तथा उसमें दर्ज नामों की जांच करेंगे। उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में इस कार्य को संपादित करने के लिए कांग्रेस नेता महेंद्र कटारिया को जिम्मेदारी दी गई है।

संगठन की मजबूती के लिए अपना 100 फीसदी दूंगा- महेंद्र कटारिया

पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष कटारिया ने एसीएन टाइम्स को बताया कि देश में कई स्थानों पर मतदाता सूची में फर्जी नाम पाए गए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस ने वोट चोर – गद्दी छोड़ अभियान शुरू किया है। कांग्रेस और प्रदेश अध्यक्ष पटवारी द्वारा उन्हें एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ निभाएंगे और संबंधित क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने में अपना सौ फीसदी देंगे। इसके लिए रतलाम के कांग्रेस नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

इसलिए मिली बड़ी जिम्मेदारी

गौरतलब है कि, उज्जैन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गृह जिला है और उज्जैन दक्षिण उनका विधानसभा क्षेत्र भी है। ऐसे में कांग्रेस का यहां खास फोकस है। इसलिए वह किसी ऐसे कंधे पर अपने अभियान की जिम्मेदारी डालाना चाहती है जिसके पास युवाओं की लीडरशिप करने और संगठन के विभिन्न दायित्वों का लंबा अनुभव हो। इस मामले में महेंद्र कटारिया उपयुक्त नाम है जो कांग्रेस के अनुषंगिक संगठन भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन से जुड़ने के बाद शहर से लेकर प्रदेश तक बड़े पदों पर काबिज रहे। युवा कांग्रेस और मुख्य संगठन में भी लगातार सक्रिय रहते ही उन्हें शहर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी एक से अधिक बार दी गई। छात्र संगठन के समय से ही कटारिया की नजदीकता उज्जैन के दिग्गज कांग्रेसियों से रही है।