इंतजार की घड़ी समाप्त ! खेलों का महाकुंभ "खेल चेतना मेला" का भव्य शुभारंभ शनिवार को, शहर में निकलेगी खेल जागृति रैली

चेतन्य काश्यप फाउंडेशन और क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित खेल चेतना मेला शुरू होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश की महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजन शुरू होगा।

Dec 19, 2025 - 19:24
Dec 19, 2025 - 21:02
 0
इंतजार की घड़ी समाप्त ! खेलों का महाकुंभ "खेल चेतना मेला" का भव्य शुभारंभ शनिवार को, शहर में निकलेगी खेल जागृति रैली
खेल चेतना मेला का शुभारंभ 20 दिसंबर (शनिवार) 2025 को सुबह 10.30 बजे नेहरू स्टेडियम पर होगा।

क्रीड़ा भारती और चेतन्य काश्यप फाउंडेशन का आयोजन

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन के तत्वावधान में 20 से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले खेल चेतना मेला का भव्य शुभारंभ शनिवार को सुबह 10.30 बजे होगा। नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया होगी, विशेष अतिथि महापौर प्रहलाद पटेल एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष, फाउंडेशन अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप करेंगे। इस अवसर पर एशियन यूथ पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता अब्दुल कादिर भी सम्मानित होंगे।

खेल चेतना मेला आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन ने बताया कि खेलों के इस महाकुंभ की तैयारी पूर्ण हो चुकी है। शहर के सभी खेल मैदान पूरी तरह से तैयार है। खेल चेतना मेला के शुभारंभ से पूर्व शहर के कॉलेज ग्राउंड से खेल जागृति रैली की शुरुआत होगी, जो कि शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नेहरू स्टेडियम पहुंचेगी, जहां मार्च पास्ट और ध्वज वंदन के साथ खेल महाकुंभ की शुरुआत होगी।

100 स्कूल, 7000 खिलाड़ी

समिति सचिव जैन ने बताया कि खेल मेला में इस बार विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बालिका क्रिकेट रहेगा, जो कि टेनिस बॉल से होगा। इसमें विभिन्न विद्यालयों की कई टीमों ने हिस्सा लिया है। साथ ही जिस विद्यालय के सर्वाधिक खिलाड़ी खेल चेतना मेला के खेलों में भागीदारी करेंगे, उन्हें विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस बार भी 100 से अधिक स्कूलों की अब तक एंट्री हो चुकी है। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में 7 हजार से अधिक बच्चे सहभागिता करेंगे।

शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बच्चों को भेजें मैदान में

सचिव जैन ने समस्त अभिभावकों, स्कूल संचालक व प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित कर मैदान तक लाए। उन्होंने अभिभावकों से खेल चेतना मेला के दौरान स्वयं भी उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। खेल मेले में इस बार 7 हजार से अधिक बच्चे सहभागिता करेंगे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।