तैयारी खेल महाकुंभ की ! खेल चेतना मेला 20 से 23 दिसंबर तक, सबसे अधिक सहभागिता करने वाले स्कूल होंगे पुरस्कृत, इस बार बालिका क्रिकेट रहेगा आकर्षण का केंद्र

रतलाम में होने वाले खेल चेतना मेला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार बालिका क्रिकेट विशेष आकर्षण होगा। सबसे अधिक सहभागिता करने वाले स्कूलों को पुरस्कृत किया जाएगा।

Dec 13, 2025 - 22:28
Dec 14, 2025 - 00:20
 0
तैयारी खेल महाकुंभ की ! खेल चेतना मेला 20 से 23 दिसंबर तक, सबसे अधिक सहभागिता करने वाले स्कूल होंगे पुरस्कृत, इस बार बालिका क्रिकेट रहेगा आकर्षण का केंद्र
खेल चेतना मेले के लिए नेहरू स्टेडियम में तैयारी का जायजा लेते

क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन का आयोजन, नेहरू स्टेडियम सहित विभिन्न खेल मैदान होने लगे तैयार

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा 20 से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले खेल चेतना मेला की तैयारी शुरू हो गई है। खेलों का यह महाकुंभ फाउंडेशन अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप के नेतृत्व में आयोजित होगा। जिस विद्यालय के सर्वाधिक खिलाड़ी खेल चेतना मेला के खेलों में भागीदारी करेंगे, उन्हें विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। साथ ही खेल चेतना मेला में जो विद्यालय 16 खेलों के सभी वर्गों में सहभागिता करेंगे उन्हें भी विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस बार बालिका क्रिकेट आकर्षण का केंद्र रहेगा।

खेलों के इस महाकुंभ को लेकर नेहरू स्टेडियम सहित शहर के विभिन्न खेल मैदानों पर तैयारी शुरू हो गई है। इनका जायजा लेने के लिए आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन, क्रीड़ा भारती जिला अध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा, खेल संयोजक आर. सी. तिवारी, खेल अधिकारी रुचिका शर्मा, जितेंद्र धुलिया एवं खेल संयोजक मैदान पर पहुंचे। खेल चेतना मेला आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन ने समस्त अभिभावकों, स्कूल संचालक व प्राचार्यों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए खेल स्पर्धाओं में शामिल होने के लिए प्रेरित कर मैदान तक लाए।

7 हजार से अधिक खिलाड़ी होंगे शामिल

खेल मेला में 7 हजार से अधिक बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित होगी। स्पर्धा शहर के नेहरू स्टेडियम, आंबेडकर खेल मैदान, रेलवे सीनियर इंस्टीट्यूट, रेलवे खेल मैदान, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय खेल मैदान, संत कंवर राम नगर, लॉ कॉलेज सहित विभिन्न खेल मैदानों पर आयोजित होगी। इनमें योग, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, व्हॉलीबॉल, शतरंज, मलखंब, स्केटिंग, शूटिंग की स्पर्धाएं आयोजित होगी।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।