भ्रष्टाचार की सीवरेज लाइन ! ‘अमृत’ की पाइप लाइन हुई ध्वस्त, ‘विष’ बह रहा सड़कों पर, पार्षद शेरानी की दहाड़- ठेकेदार का भुगतान रोको

रतलाम में डाली गई सीवरेज लाइन भ्रष्टाचार और अनियमितता की भेंट चढ़ गई है। इससे आमजन और जनप्रतिनिधि परेशान हैं। शहर की एक कांग्रेसी महिला पार्षद ने इसके लिए जिम्मेदार ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग उठाई है।

Mar 14, 2026 - 01:20
 0
भ्रष्टाचार की सीवरेज लाइन ! ‘अमृत’ की पाइप लाइन हुई ध्वस्त, ‘विष’ बह रहा सड़कों पर, पार्षद शेरानी की दहाड़- ठेकेदार का भुगतान रोको
वार्ड 27 में सीवरेज लाइन ध्वस्त होने से पसरी गंदगी की सफाई करवातीं कांग्रेस पार्षद यास्मीन शेरानी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । अमृत-01 योजना के तहत गंदगी को शहर से बाहर ले जाने के लिए डाली गई सीवरेज लाइन की अनियमितताएं लगातार सामने आ रही हैं। कहीं चैंबर ढह गए हैं तो कहीं पाइप ध्वस्त हैं। नतीजतन सड़कों पर गंदगी रूपी विष बह रहा है। इसे लेकर वार्ड क्रमांक 27 की पार्षद एवं कांग्रेस नेता यास्मीन शेरानी ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर सीवरेज ठेकेदार का भुगतान रोकने की मांग उठाई है।

पार्षद शेरानी ने आयुक्त को लिखे पत्र में बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में सीवरेज कार्य के कारण आमजन और जनप्रतिनिधियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टेंडर की शर्तों के अनुसार काम नहीं होने से कई स्थानों पर सीवरेज लाइन टूट चुकी है। नियमित सफाई नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे नागरिकों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।

ये भी पढ़ें

दावा 28 कर्मचारियों की नियुक्ति का, दिखते नहीं

पार्षद ने पत्र में बताया है कि सीवरेज कंपनी द्वारा 28 कर्मचारियों की नियुक्ति का दावा किया है। परंतु, यह स्पष्ट नहीं है कि वे कर्मचारी कहां-कहां कार्यरत हैं। इसलिए कर्मचारियों की जांच की जाए और अनियमितता और टेंडर की शर्तों के अनुसार काम नहीं करने वाले सीवरेज ठेकेदार का भुगतान रोका जाए। कांग्रेस पार्षद ने बताया कि उन्होंने वीडियो के माध्यम से भी नगर निगम प्रशासन को इस समस्या के बारे में बताया गया है। इसके बावजूद अभी तक कार्रवीन हीं हुई है।

ये भी पढ़ें

दो घंटे खड़े रह कर सफाई

पार्षद शेरानी के अनुसार सीवरेज लाइन ध्वस्त होने से उनके वार्ड में गंदगी इकट्ठी हो रही है। इससे आज उनके वार्ड में सफाई अभियान चलाया। उन्होंने खुद लगभग दो घंटे खड़े रहकर नालियों की सफाई करवाई। इस दौरान उनके साथ नगर निगम के स्वास्थ्य प्रभारी राजेंद्र सिंह पंवार, झोन प्रभारी पर्वत हाड़े सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।