MP में प्रशासनिक फेरबदल ! इंदौर और उज्जैन संभागायुक्त और कई जिलों के कलेक्टर बदले, गृह सचिव और जनसंपर्क आयुक्त की जिम्मेदारी भी नए अफसर को
मप्र के 14 आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की गई है। इसमें इंदौर, उज्जैन के संभागायुक्त और कई जिलों के कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ आदि बदल गए हैं।
एसीएन टाइम्स @ भोपाल । सोमवार देर शाम आईपीएस अफसरों के साथ ही 14 आईएएस अफसरों की तबादला सूची भी जारी हुई। इससे इंदौर और उज्जैन के संभागायुक्त के साथ ही जबलपुर, इंदौर सहित कई जिलों के कलेक्टर भी बदल गए हैं। प्रदेश के गृह सचिव और जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी भी दूसरे अधिकारियों को सौंपी गई है।
जारी सूची के अनुसार 2006 के आईएएस अधिकारी एवं जनसंपर्क विभाग के आयुक्त डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को इंदौर का संभागायुक्त बनाया गया है। वहीं उनके स्थान पर जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना को भेजा गया है। सक्सेना माध्यम का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। इसी तरह अब 2009 बैच के अभिषेक सिंह प्रदेश के गृह सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे जो अभी तक मप्र राज्य निर्वाचन आयोग भोपाल में सह सचिव थे।
आशीष सिंह उज्जैन के आयुक्त बने
इंदौर कलेक्टर तथा सिंहस्थ मेल उज्जैन का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे 2019 बैच के अफसर आशीष सिंह को उज्जैन का संभायुक्त बनाया गया है। सिंहस्थ का मेला प्रभार उनके पास यथावत रहेगा। बताया जा रहा है कि यह बदलाव 2028 में होने वाले सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इससे अब सिंह सिंहस्थ पर ज्यादा अच्छी तरह फोकस कर सकेंगे। आशीष सिंह के स्थान पर अब इंदौर कलेक्टर की बागडोर 2013 बैच के अधिकारी शिवम वर्मा के पास आ गई है जो अभी इंदौर नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके पास मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कंपनी लिमिटेड इंदौर के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी था। अब ये दोनों ही जिम्मेदारियां कटनी के कलेक्टर दिलीप कुमार यादव को दी गई हैं। वे 2014 बैच के आईएएस अधिकीर हैं।
दीपक सक्सेना होंगे जनसंपर्क विभाग के आयुक्त
मध्य प्रदेश के जनसंपर्क विभाग का पद डॉ. खाड़े को इंदौर संभाग का आयुक्त बनाने से खाली हो गया है। अब इस पद की जिम्मेदारी 2010 बैच के अधिकारी दीपक कुमार सक्सेना संभालेंगे। उनकेपास मध्यप्रदेश माध्यम का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। वहीं आगर मालवा कलेक्टर राघवेंद्र सिंह (2013) को सक्सेना की जगह जबलपुर का कलेक्टर बनाया गया है। बड़वानी कलेक्टर गुंचा सनोवर (2015) को हटा कर भोपाल में मप्र शासन का उप सचिव बनाया गया है।
इन अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली
2016 बैच के अशीष तिवारी को मुख्य सचिव कार्यालय से बाहर निकाल कर कटनी कलेक्टर तो उज्जैन जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयति सिंह (2016) को बड़वानी कलेक्टर बनाया गया है। जबलपुर नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव आगर मालवा कलेक्टर होंगी जबकि डॉ. परीक्षित संजयराव झाड़े इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी होंगे। डॉ. परीक्षित अभी तक भोपाल में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अपर आयुक्त थे। इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जबलपुर नगर निगम का आयुक्त बना कर भेजा गया है।

📌 हमें गूगल न्यूज़ पर भी फॉलो करें |
