रतलाम में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती ! बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कसा शिकंजा, ड्रोन से हो रही अव्यवस्थित पार्किंग की निगरानी

रतलाम में यातायात पुलिस की कार्रवाई में 87 चालान बनाकर 44,600 रुपए का शमन शुल्क वसूला गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई और ड्रोन से अव्यवस्थित पार्किंग की निगरानी की गई।

रतलाम में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती ! बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कसा शिकंजा, ड्रोन से हो रही अव्यवस्थित पार्किंग की निगरानी
रतलाम यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों और अव्यवस्थित पार्किंग वालों के विरुद्ध अभियान शुरू किया है।

87 वाहन चालकों के चालान बनाकर ₹44,600 वसूले

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर में यातायात सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू की है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों और अव्यवस्थित पार्किंग करने वालों के चालान बनाए जा रहे हैं। गत दिवस पुलिस ने ऐसे 87 वाहन चालकों से 44 हजार 600 रुपए शमन शुल्क वसूला।

एसपी अमित कुमार के निर्देशन तथा एएसपी (रतलाम ग्रामीण) विवेक कुमार और एएसपी (रतलाम शहर) राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ड्रोन की मदद से अव्यवस्थित पार्किंग करने वाले वाहनों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के प्रति जागरूक करना है। हेलमेट सड़क दुर्घटना के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी कारण दोपहिया वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।

ये भी पढ़ें

शहर से हाईवे की ओर के मार्गों पर बने चालान

डीएसपी (यातायात) आनंद सोनी के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक हेमंत पाटीदार और यातायात पुलिस टीम ने शहर से हाईवे की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष कार्रवाई की। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 60 चालान बनाए गए और 18,000 रुपए का शमन शुल्क वसूला गया। यह कार्रवाई गत शाम से देर रात तक जारी रही।

शहर की यातायात व्यवस्था पर नजर रखने और सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों की पहचान करने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। ड्रोन से चिह्नित किए गए वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 10 चालान बनाए गए।

इसके जरिए यातायात पुलिस को सड़कों पर खड़े वाहनों की स्थिति पर निगरानी रखने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को चिह्नित करने में मदद मिल रही है। अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें

यातायात नियमों के पालन की अपील

पुलिस ने आम नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, अपने वाहन निर्धारित एवं उचित स्थान पर खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, नियमों का पालन केवल व्यक्तिगत सुरक्षा ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।

रतलाम पुलिस — सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन।

ये भी पढ़ें