शाबाश बच्चों ! रतलाम के छात्र करण भूरिया और रोहित डांगी के मॉडल उज्जैन संभाग में अव्वल, प्रदेश स्तरीय स्पर्धा में उज्जैन संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व

रतलाम के दो विद्यार्थियों के गणित और विज्ञान के मॉडल का चयन प्रदेश स्तरीय स्पर्धा के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी संभाग स्तरीय स्पर्धा में पहले स्थान पर रहे।

Jan 31, 2026 - 00:24
Jan 31, 2026 - 00:33
 0
शाबाश बच्चों ! रतलाम के छात्र करण भूरिया और रोहित डांगी के मॉडल उज्जैन संभाग में अव्वल, प्रदेश स्तरीय स्पर्धा में उज्जैन संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व
उज्जैन में आयोजित संभाग स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल रतलाम के विद्यार्थियों और शिक्षकों का दल।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । संभाग स्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन उज्जैन में किया गया। इसमें रतलाम जिले के विद्यार्थियों करण भूरिया और रोहित डांगी के मॉडल अलग-अलग विषयों की स्पर्धा में पूरे संभाग में अव्वल रहे। अब इनके मॉडल राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित किए जाएंगे।

संभाग स्तरीय स्पर्धा में रतलाम जिले के विभिन्न विकासखंडों और विद्यालयों के 23 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इनमें रोहित डांगी, कारण भूरिया, अलीशा, भोला, दीपिका, सूरज, उमेश, महेश, योगेंद्र, खुशी, विष्णु, मनीष, राहुल, हरेंद्र, रोहित, भावना, मयूर, दिशा, चंचल, जया, माही और सविता शामिल रहे। ये विद्यार्थि पहले जिन शिक्षा केंद्र स्तर, फिर ब्लॉक स्तर और उसके बाद जिला स्तर की स्पर्धाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहे थे।

इन्हे मिली बड़ी सफलता

स्पर्धा में करण भूरिया का गणित विषय का मॉडल संभाग में पहले स्थान पर रहा। करण सैलाना जनपद शिक्षा केंद्र के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवगढ़ के माध्यमिक विद्यालय घोड़ापल्ला में अध्ययनरत है। उनकी मार्गदर्शक शिक्षक स्वाति सक्सेना हैं। इसी प्रकार शासकीय माध्यमिक विद्यालय रामपुरिया के रोहित डांगी का मॉडल भी संभाग में पहले नंबर पर रहा। इनके मार्गदर्शक शिक्षक दीपक शर्मा हैं। करण और रोहित उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। माध्यमिक विद्यालय शिवपुर के उच्च श्रेणी शिक्षक दीपक आठे एवं माध्यमिक विद्यालय खाराखेड़ी की ललिता कुशवाहा के नेतृत्व में पहुंचे विद्यार्थियों का प्रदर्शन भी उल्लेखनीय रहा।

इन्होंने दी बधाई और शुभकामनाएं

रतलाम के विद्यार्थियों को मिली उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए जिला शिक्षा अधिकारी अनीता सागर, जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक राजेश झा, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य सुभाष कुमावत, व्याख्याता ललित मेहता, सैलाना बीआरसी नरेंद्र कुमार पासी, एपीसी मुकेश राठौर आदि ने बधाई दी है। सभी ने विद्यार्थियों को प्रदेश स्तरीय स्पर्धा में भी ऐसी ही सफलता हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।