कांग्रेस का प्रदर्शन : पिकअप पर हैंण्डपम्प और पाइप बांध कर कांग्रेस ने रैली निकाल कर की रतलाम-झाबुआ सांसद डामोर को गिरफ्तार करने की मांग

कांग्रेस ने रतलाम-झाबुआ सांसद गुमान सिंह डामोर की गिरफ्तारी की मांग की है। इससे पूर्व कांग्रेस ने रैली निकाल कर प्रदर्शन किया। सांसद के विरुद्ध नारे भी लगाए। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने डामोर को क्लीन चिट देते हुए उनका समर्थन किया है।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम  रतलाम-झाबुआ सांसद गुमान सिंह डामोर के विरुद्ध 600 करोड़ रुपए के घोटाले के आरोप में केस दर्ज किया गया है। यह मामला तूल पकड़ गया है। मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को शहर में रैली निकाली और कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देकर सांसद की गिरफ्तारी की मांग की। रैली में शामिल कांग्रेसियों ने पिकअप वाहन पर हैंडपंप और पाइप बांध कर प्रदर्शन किया।

मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में झंडे लेकर वाहनों पर सवार होकर शहर में घूमें। उनके आगे एक पिकअप वाहन चल रहा था जिस हैंडपंप और पाइप बांध कर विरोध प्रदर्शन किया गया था। शहर में घूमने के बाद कांग्रेसी कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां ज्ञापन देकर सांसद से इस्तीफा देने की मांग की। कांग्रेसियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में लिप्त सांसद को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

कांग्रेस ने कहा आदिवासी क्षेत्र में फ्लोरोसिस नियंत्रण के तहत हैंडपंप लगाने के लिए 600 करोड़ रुपए दिए गए थे। सारा पैसा सांसद गुमान सिंह डामोर और साथियों ने डकार लिया। यह आम जनता के साथ नाइंसाफी है। उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए। कांग्रेस ने मामले की जांच सीबीआई से जांच करवाने की मांग की। संगठन ने ज्ञापन में नामली नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र सोनावा की भी गिरफ्तारी की भी माग की। कांग्रेस ने बताया कि सोनावा पर भी करोड़ों रुपए के घोटाले का आरोप है। राजनीतिक दबाव के कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं की जा रही है।

रैली और ज्ञापन देने का पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डी. पी. धाकड़, शहर कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश भरावा, कार्यवाहक जिलाअध्यक्ष दिनेश शर्मा सहित वरिष्ठ नेता नेतृत्व कर रहे थे। रैली मंडी परिसर से प्रारंभ होकर सैलाना बस स्टैंड, राम मंदिर, सज्जनमिल चौराहा, पॉवर हाउस रोड, दोबत्ती होते हुए कलेकट्रेट पहुंची। रैली में कांग्रेसी भाजपा और सांसद के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान अनोखीलदास, दिलीप जाट, सुखदेव गेहलोत, भगवतीलाल पाटीदार, सुशील नागर आदि मौजूद थे।