क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित 24वें खेल चेतना मेले का भव्य शुभारंभ, रैली में विद्यार्थियों ने की कदमताल

24वें खेल चेतना मेला का भव्य शुभारंभ महापौर प्रहलाद पटेल एवं रतलाम नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा के आतिथ्य में हुआ। इस मौके पर निकली रैली में विद्यार्थियों ने कदमताल की।

क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित 24वें खेल चेतना मेले का भव्य शुभारंभ, रैली में विद्यार्थियों ने की कदमताल
24वें खेल चेतना मेले के शुभारंभ अवसर पर निकली रैली।

शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय से निकली खेल चेतना रैली को महापौर प्रहलाद पटेल ने दिखाई झंडी

9 से 12 जनवरी तक आयोजित होगा खेल मेला

एसीएन टाइम्स @ रतलाम क्रीड़ा भारती एवं चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा आयोजित 24वें खेल चेतना मेला का भव्य शुभारंभ बुधवार को नेहरू स्टेडियम में हुआ। अध्यक्षता महापौर प्रहलाद पटेल ने की। अतिथि निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा रहीं। महापौर पटेल ने ध्वज वंदन कर खेल चेतना मेला के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की। इसके बाद अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाए। समारोह के दौरान क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा एवं खेल चेतना मेला आयोजित समिति सचिव मुकेश जैन मंचासीन रहे।

शुभारंभ समारोह से पूर्व शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय से खेल चेतना मेला रैली को महापौर एवं अन्य अतिथियों द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया गया। स्कूली बच्चों की यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। यहां मार्च पास्ट को महापौर प्रहलाद पटेल सहित अन्य अतिथियों ने सलामी दी।

रैली में आकर्षण का केंद्र ज्योति कॉन्वेंट स्कूल द्वारा प्रभु श्रीराम का रथ रहा, जिस पर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की वेशभूषा में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। रैली के आगे बैंड चल रहा था। उसके बाद अश्व पर ध्वज थाम खिलाड़ी नजर आए। उनके पीछे विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी स्कूली बैंड के साथ चलते नजर आए। शुभारंभ समारोह के आरंभ में अतिथियों का स्वागत क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. मजावदिया, सचिव शर्मा एवं खेल चेतना मेला एवं आयोजन समिति सचिव जैन ने किया।

खेल चेतना मेले का उद्देश्य बच्चे स्वस्थ रहें- प्रहलाद पटेल

समारोह की अध्यक्षता कर रहे महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि खेल चेतना मेला कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप द्वारा 24 वर्ष पहले शुरू किया गया था। आज उनके परिवार में शोक होने से हमारे बीच में नहीं हैं, उनकी कमी खल रही है। खेल चेतना मेला की शुरुआत करने का एक ही उद्देश्य है कि बच्चे खेल के माध्यम से स्वस्थ रहें। वे अपने भविष्य को बेहतर बनाएं।

काश्यप दंपति द्वारा रोपा पौधा आज वट वृक्ष बन गया है- मनीषा शर्मा

अतिथि निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने खेल चेतना मेला के शुभारंभ के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा प्रतिभाओं को तराशने का यह काम अभूतपूर्व है। बीते 24 वर्षों से यह लगातार जारी है। उसके लिए पूरे फाउंडेशन को शुभकामनाएं देती हूं। खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है। खेल जागृति के लिए विराट स्वरूप में खेल मेला का आयोजन होता आ रहा है। यहां खेलने वाले कई विद्यार्थियों ने देश और प्रदेश में शहर का नाम रोशन किया है। मप्र शासन के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप एवं नीता काश्यप के प्रयासों से छोटे से पौधे के रूप में अंकुरित हुआ था, जो आज वट वृक्ष बन गया है। सभी बच्चे खेल भावना से खेले और अपना व विद्यालय का नाम रोशन करें, सभी को शुभकामनाएं। इसके पूर्व स्वागत भाषण क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया ने दिया। आभार प्रदर्शन आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन ने किया।

1999 में देखा गया था सपना ताकि बच्चे मैदान पर आ सकें- मुकेश जैन 

सचिव जैन ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी यह आयोजन कर रहे हैं। 9 जनवरी से शहर के विभिन्न खेल मैदानों पर स्पर्धाएं शुरू हो चुकी हैं। 18 खेलों में 7 हजार से अधिक बच्चे सहभागिता कर रहे हैं। इसका सपना हमारी प्रणेता नीता काश्यप एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप द्वारा 1999 में देखा गया था कि शहर का हर बच्चा मैदान पर आना चाहिए। उसी को साकार करने में हमें जिन सभी के द्वारा मदद मिली उन सभी का चेतन्य काश्यप फाउंडेशन की ओर से धन्यवाद ज्ञापित कर सभी का आभार व्यक्त करता हूं।

ये रहे मौजूद

शुभारंभ समारोह से पूर्व शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय से निकली खेल चेतना मेला रैली के शुभारंभ अवसर पर महापौर प्रहलाद पटेल के साथ क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा, आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन, भाजपा नेता मनोहर पोरवाल, अशोक जैन लाला, गोविंद काकानी, एमआईसी सदस्य भगत सिंह भदोरिया, रामू डाबी आदि उपस्थित रहे।