जन आशीर्वाद यात्रा आज रतलाम जिले में, मंत्री रूपाला, देवड़ा और यादव सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल, विधायक काश्यप ने किया यह आह्वान

जिले में जन आशीर्वाद यात्रा का सभी विधानसभा क्षेत्रों में भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा के दौरान रथ सभा, नुक्कड़ सभा एवं जनसभा होगी। जिले में यात्रा की तैयारियों पूर्ण कर ली गई है।

जन आशीर्वाद यात्रा आज रतलाम जिले में, मंत्री रूपाला, देवड़ा और यादव सहित कई जनप्रतिनिधि होंगे शामिल, विधायक काश्यप ने किया यह आह्वान
जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर बैठक लेते विधायक चेतन्य काश्यप।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा 08 सितंबर को माननखेड़ा से रतलाम जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा में केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, प्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, भोपाल विधायक रामेश्वर शर्मा शामिल होंगे। राज्य सभा सदस्य एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री कविता पाटीदार दोनों दिन यात्रा में शामिल होंगी। जिले में भ्रमण करने के बाद यात्रा उज्जैन रवाना हो जाएगी।

जिला मीडिया प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया रतलाम जिले में जावरा विधानसभा के माननखेड़ा से जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ 8 सितंबर को सुबह 10 30 बजे होगा। तत्पश्चात् ढोढर, परवलिया, रीछाचांदा, अरनिया पिथा होते हुए दोपहर 12 बजे यात्रा जावरा पहुंचेगी। जावरा में सभा आयोजित होगी। दोपहर 02.30 बजे यात्रा जावरा से बाराखेड़ा, अयाना, राकोदा होते हुए पिपलौदा से पहुंचेगी। पिपलौदा से 04.00 बजे शेरपुर, आम्बा, करिया होकर सैलाना पहुंचेगी। यहां 05.00 बजे सभा होगी। इसके बाद अडवानिया होकर  शिवगढ़ जाएगी और वहां से बिबड़ोद होकर शाम 6 बजे रतलाम शहर विधानसभा मे प्रवेश  करेगी। रतलाम में जन आशीर्वाद यात्रा बाजना बस स्टैण्ड से चांदनी चौक, चौमुखीपुल, नौलाईपुरा होकर धानमंडी पहुंचेगी जहां जनसभा होगी। सभा को पूर्व केन्द्रीय मंत्री विक्रम वर्मा आदि केंद्रीय नेता संबोधित करेंगे।

सभा के बाद रात्रि विश्राम कर जन आशीर्वाद यात्रा 09 सितंबर को सुबह 10 बजे सनावदा से रतलाम ग्रामीण क्षेत्र मे प्रवेश करेगी और नगरा, शिवपुर, लुनेरा, कमठाना होते हुए कमेड़ पहुंचेगी। दोपहर 12.00 बजे बाद यात्रा का प्रवेश उज्जैन जिले के बड़नगर विधानसभा क्षेत्र में होगा और दोपहर में खाचरोद क्षेत्र का भ्रमण करते हुए शाम को रतलाम जिले में आलोट विधानसभा क्षेत्र से प्रवेश करेगी। इसके बाद रात्रि विश्राम आलोट में कर 10 सितंबर को उज्जैन जिले के महिदपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। केन्द्रीय मत्स्य पालन, पशु पालन एवं डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला 8 सितंबर को रतलाम जिले में आ रही जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे। वे जावरा विधानसभा क्षेत्र के प्रवेश स्थल माननखेड़ा से लेकर सैलाना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

विधायक काश्यप ने भव्य स्वागत किया किया आह्वान

जन आशीर्वाद यात्रा की तैयारी को लेकर विधायक चेतन्य काश्यप ने भाजपा पार्षद दल एवं मण्डल अध्यक्ष, वार्ड संयोजक एवं वार्ड प्रभारियों की बैठकें ली। इनमें उन्होंने जन आशीर्वाद यात्रा का रतलाम में भव्य स्वागत करने का आह्वान किया। काश्यप ने यात्रा के दौरान अधिक से अधिक जन सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। बैठक के आरंभ में विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल ने भाषा का रूट बताया। यात्रा का जगह-जगह स्वागत मंच एवं द्वार बनाकर स्वागत किया जाएगा। बैठक के दौरान यात्रा को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में यात्रा जिला प्रमुख अशोक जैन लाला, सहसंयोजक प्रेम उपाध्याय, महापौर प्रहलाद पटेल, जिला मंत्री सोना शर्मा, शैलेन्द्र सिंह सिसौदिया, सुदीप पटेल, अजय शर्मा सहित पार्षदों एवं जिला, मण्डल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों से उपस्थित रहकर यात्रा में शामिल होकर सफल बनाने की अपील की गई है।  

इन्होंने की सफल बनाने की अपील

सांसद सुधीर गुप्ता, अनिल फिरोजिया, विधायक चेतन्य काश्यप, डॉ. राजेन्द्र पांण्डेय, दिलीप मकवाना, यात्रा के क्लस्टर प्रभारी ईश्वरलाल पाटीदार, जिला प्रमुख अशोक जैन लाला, विधानसभा प्रमुखों एवं मंडल प्रमुखों, पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आमजन से जिले में यात्रा का भव्य स्वागत करने की अपील की है।