Education News ! MP की लोक शिक्षण आयुक्त ने जारी किया फरमान, स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के लिए बताई यह कार्ययोजना

मप्र की लोक शिक्षण आयुक्त शिल्पा गुप्ता ने एक आदेश जारी किया है जिसमें उन्होंने सरकार की मंशा जिक्र करते हुए स्कूलों के लिए आगामी दिनों के लिए एक कार्ययोजना भी बताई है।

Jul 7, 2025 - 23:33
Jul 7, 2025 - 23:42
 0
Education News ! MP की लोक शिक्षण आयुक्त ने जारी किया फरमान,  स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों के लिए बताई यह कार्ययोजना
लोक शिक्षण आयुक्त ने दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाने के लिए आदेश जारी किया है।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । प्रदेश के सभी विद्यालयों में 10 जुलाई गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के मौके पर 2 दिवसीय उत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन 9 और 10 जुलाई को होगा। इस संबंध में आयुक्त लोक शिक्षण शिल्पा गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

निर्देश में कहा गया है कि पहले दिन 9 जुलाई को विद्यालय में प्रार्थना सभा के बाद शिक्षकों द्वारा गुरू पूर्णिमा के महत्व और पारंपरिक गुरु-शिष्य संस्कृति के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी जाएगी। विद्यालय में प्राचीन काल में प्रचलित गुरुकुल व्यवस्था एवं उसका भारतीय संस्कृति में प्रभाव विषय पर बच्चों के बीच में निबंध लेखन प्रतियोगिता की जाएगी। विद्यालयों के प्राचार्यों से कहा गया है कि आयोजन के दौरान साधु-संतों, गुरुजन, सेवानिवृत्त शिक्षकों, विद्यार्थियों और नागरिकों को आमंत्रित किया जाए। इन आयोजन में विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया जा सकता है। पूर्व विद्यार्थी अपने शाला जीवन के अनुभव को विद्यार्थियों के बीच साझा करेंगे।

दूसरे दिन यह होगा

उत्सव के दूसरे दिन 10 जुलाई को गुरू पूर्णिमा के दिन प्रदेश की शिक्षण संस्थाओं में वीणा वादिनी माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण कर गुरू वंदना की जाएगी। विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा गुरु की महिमा पर केन्द्रित व्याख्यान होंगे। इसी के साथ इस दिन गुरुजन एवं शिक्षकों का सम्मान भी किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों में भारतीय मूल्यों संस्कृति आधारित शिक्षा के लिए कई उल्लेखनीय कदम उठए गए हैं। उनमें से एक विद्यालयों में गुरु पूर्णिमा का आयोजन किया जाना भी एक है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।