महापौर प्रहलाद पटेल ने पेश किया अपना दूसरा बजट, जानिए- नगर निगम को कितनी होगी आय और कितना होगा व्यय

रतलाम के महापौर प्रहलाद पटेल ने अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश किया। महापौर ने बजट में किए गए प्रावधानों के बारे में बताते हुए अब तक मिले सहयोग के लिए सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

महापौर प्रहलाद पटेल ने पेश किया अपना दूसरा बजट, जानिए- नगर निगम को कितनी होगी आय और कितना होगा व्यय
नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा को बजट की प्रति सौंपते महापौर प्रहलाद पटेल।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । महापौर प्रहलाद पटेल ने गुरुवार को अपने कार्यकाल का दूसरा (वित्तीय वर्ष 2024-25) बजट पेश किया। इसमें अनावश्यक व्यय में कटौती एवं आवश्यक व्यय में वृद्धि के प्रावधान किए गए हैं। बजट में विभिन्न मदों से 38447.15 (तीन अरब चौरासी करोड़ सैंतालीस लाख पन्द्रह हजार) रुपए की आय और 38431.50 (तीन अरब चौरासी करोड़ इक्कतीस लाख पचास हजार) रुपए के व्यय का अनुमानित प्रावधान किया गया है। अगर आय-व्यय के ये अनुमान सही साबित हुए तो निगम को 15.65 (पन्दह लाख पैसठ हजार) रुपए की बचत हो सकती है। बजट प्रावधानों पर 9 मार्च को निगम सम्मेलन में चर्चा होगी।

महापौर पटेल ने बजट की प्रति निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा को सौंपी। इससे पहले उन्होंने उद्बोधन दिया और बजट में किए गए विभिन्न प्रावधानों के बारे में सदन को बताया। महापौर ने परिषद के सदस्यों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा रतलाम के सभी नागरिकों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आपका सहयोग मुझे प्राप्त हुआ है ऐसा ही सहयोग हमें भविष्य में भी प्राप्त होता रहेगा। हम सभी एकजुट होकर नगर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा ऐसे उल्लेखनीय विकास कार्य करेंगे जो कि सदैव याद रहें। महापौर ने कहा- मैं रतलाम नगर निगम का इस परिषद् में अपने कार्यकाल का द्वितीय बजट अर्थ वर्ष 2024-2025 का प्रस्तुत कर रहा हूं। इसमें रतलाम नगर के सम्पूर्ण विकास तथा नगर के समस्त नागरिकों को यथासम्भव मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए नगर के सौन्द्रर्यीकरण एवं व्यवस्थापन का प्रयास इस बजट के माध्यम से किया गया है।

दूसरे चरण में 64 कॉलोनियों में कार्य जारी

पटेल ने बताया कि- मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम 2021 में उल्लेखित प्रावधानों के अनुसार निगम द्वारा प्रदेश में सर्वे प्रथम चरण में 61 अनाधिकृत कॉलोनियॉ में नागरिक अधोसंरचना और भवन अनुमति देने के साथ ही निगम के स्वय की मद से 22 करोड़ रुपए के कार्य प्रारंभ किए गए हैं। कई कॉलोनियों में तो कार्यपूर्ण भी हो गए हैं। कुछ कॉलोनियों में कार्य प्रगति पर है, बची हुई कॉलोनियों में भी जल्द ही कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। दूसरे चरण में 64 कॉलोनियों में भी नागरिक अधोसरंचना और भवन अनुमति की कार्रवाई प्रारंभ होकर अंतिम चरण में है। जल्द ही इनमें भी विकास कार्य करवाए जाएंगे। महापौर पटेल ने कहा कि शहर को सुन्दर एवं सुविधा युक्त बनाने तथा आम व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाए जाने के लिए नगर के चौमुखी विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं जो आप सभी को ज्ञात है।

वसूली में लाई जा रही है तेजी

महापौर ने बताया कि नगर निगम राजस्व में वृद्धि हेतु निरंतर प्रयास किए जाकर निगम के समस्त विभागों में वसूली में तेजी लाई जा रही है साथ ही सम्पत्तिकर निर्धारण का सर्वे किये जाने का कार्य भी करवाया जा रहा है, नगर में अवैध नल कनेक्शनों का सर्वे करवाया जाकर उन्हें नियमित किए जाने की कार्यवाही की जा रही है ताकि निगम की आय में वृद्धि हो सके। निगम की ऐसी सम्पत्तियां जिनका विक्रय किया जाकर निगम को आय प्राप्त हो सके, उनके विक्रय किए जाने की कार्यवाही भी त्वरित रूप से की जाएगी।

निगम का राजस्व बढ़ाने में सहयोग करें

महापौर ने सदस्यों से आग्रह किया कि इस निगम को अधिक से अधिक राजस्व प्राप्त हो इस हेतु अपना सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सभी बकाया एवं वर्तमान सम्पत्तिकर, जलकर एवं दुकानों का किराया वसूली के लिए नागरिकों को प्रेरित कर सहयोग करें। नगर निगम को करों की राशि समय पर प्राप्त हो सकें एवं अपने प्रयासों से केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार से भी शहर के विकास कार्यों के लिए राशि उपलब्ध कराने में भी सहयोग मांगा।

इन सभी के प्रति जताया सहयोग

अंत में उन्होंने नगर निगम रतलाम के विकास कार्यों में सतत् सहयोग करने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, क्षेत्रीय सांसद गुमानसिंह डामोर, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उघोग विभाग मंत्री एवं नगर विधायक चेतन्य काश्यप, जिला प्रशासन, निगम प्रशासन, नगर निगम परिषद् के सदस्यों, पत्रकारों, प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, नगर निगम की कर्मचारी यूनियन व संघ तथा सफाई कर्मचारी यूनियन व संघ को उनके द्वारा निगम के संचालन के लिए समय-समय पर दिए सुझावों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे ही सहयोग की अपेक्षा जताई।

किस कार्य के लिए कितनी राशि का प्रावधान

रोड निर्माण - 55.85 करोड़ रुपए

स्वच्छता - 36.00 रुपए करोड़

नाले / नाली निर्माण - 05.00 करोड़ रुपए

नई पाइप लाइन स्थापना (अमृत 2.0 योजना छोड़कर) - 05.00 करोड़ रुपए

नए उद्यान विकास - 9.25 करोड़ रुपए

एम.पी. 43, हॉकर्स झोन व मछली-मटन मार्केट - 6.00 करोड़ रुपए

शहर सौन्द्रर्यीकरण व कालिका माता लोक - 3.00 करोड़ रुपए

सिंहस्थ मद में नवीन बस स्टैण्ड निर्माण - 7.00 करोड़ रुपए

नए वाहन खरीदी - 11.00 करोड़ रुपए

मेले व सांस्कृतिक कार्यक्रम - 1.15 करोड़ रुपए

कुत्तों का बधियाकरण - 1.00 करोड़ रुपए