कांग्रेस प्रत्याशी सकलेचा के विरुद्ध एडवोकेट राकेश शर्मा ने दायर की याचिका, राष्ट्रपति के आदेश की अवमानना का लगाया आरोप

रतलाम के एक एडवोकेट ने कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा दादा द्वारा नामांकन पत्र में राष्ट्रपति द्वारा उन्हें 1 वर्ष के लिए अयोग्य ठहराए जाने के आदेश की जानकारी छिपाए जाने का आरोप लगाते हुए अवमानना याचिका दायर की है।

Nov 3, 2023 - 11:51
Nov 4, 2023 - 09:49
 0
कांग्रेस प्रत्याशी सकलेचा के विरुद्ध एडवोकेट राकेश शर्मा ने दायर की याचिका, राष्ट्रपति के आदेश की अवमानना का लगाया आरोप
पारस सकलेचा, कांग्रेस प्रत्याशी- रतलाम शहर विधानसभा क्षेत्र।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । एडवोकेट राकेश शर्मा ने रतलाम शहर से कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा दादा के विरुद्ध राष्ट्रपति के समक्ष एक याचिका दायर की है। इसमें उन्होंने सकलेचा पर नाम निर्देशन पत्र में जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है। राष्ट्रपति कार्यालय में याचिका पंजीकृत कर उसे मप्र शासन को अग्रेषित किया गया है।

150

एडवोकेट शर्मा द्वारा प्रस्तुत याचिका में बताया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग के अभिमत के आधार पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा गत 29 मई, 2015 को सकलेचा (पारसमल सकलेचा) को एक साल के लिए अयोग्य घोषित किया गया था। आदेश की प्रति 19 फरवरी, 2016 को भारत सरकार को भी भेज दी गई थी। शर्मा के अनुसार इसके बाद भी सकलेचा ने रतलाम शहर विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्र में इसका ब्यौरा नहीं दिया। नामांकन पत्र के भाग 3 (क) के पैरा 5 में ऐसी जानकारी देने का प्रावधान है।

500
200

एडवोकेट शर्मा ने याचिका में बताया है कि सकलेचा द्वारा रिटर्निंग ऑफिसर को जो जवाब दिया गया उसमें लिखा गया है कि राष्ट्रपति द्वारा उन्हें कभी निर्हरित घोषित नहीं किया गया। यह राष्टरपति के आदेश की अवहेलना है। शर्मा के अनुसार राष्ट्रपति कार्यालय से उनकी याचिका जांच हेतु मध्यप्रदेश शासन को प्रेषित कर दी गई है। अब शासन को मामले की जांच कर रिपोर्ट भेजना होगी जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

यह था मामला

बता दें, कि- सकलेचा पूर्व में रतलाम शहर से विधायक का निर्दलीय चुनाव जीते थे। तब उनके प्रतिद्वंद्वी रहे पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी की पराजय हुई थी। उन्होंने इस चुनाव को निर्वाचन आयोग और मप्र हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सकलेचा ने उन पर गृहमंत्री रहते हुए पुलिस विभाग में हुई खरीदी में भ्रष्टाचार करने के झूठे आरोप लगा कर चुनाव चुनाव जीता है। कोठारी की ओर से सकलेचा की चुनावी सभाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग की सीडियां भी न्यायालय में प्रस्तुत की गईं थी। हाईकोर्ट ने सकलेचा का चुनाव शून्य घोषित किया गया था जिसे सकलेचा ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हालांकि तब तक उनकी विधायकी के पांच साल का कार्यकाल पूरा हो गया था। सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन रहते हुए ही मामला राष्ट्रपति के पास पहुंचा था। तब तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सकलेचा को भ्रष्ट आचरण का दोषी ठहराए जाने के तथ्यों के आधार पर एक साल के लिए निर्हरित (अयोग्य) घोषित किया था। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बनते ही यह मामला एक बार फिर जिन्न की तरह बोतल से बाहर आ गया है। यह जिन्न सकलेचा की मुसीबतें बढ़ाता है या फिर उन्हें कोई लाभ पहुंचाता है, यह कह पाना मुश्किल है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।