आभार पर मिली नसीहत ! नगर निगम के नवनियुक्ति एल्डरमैन को मंत्री चेतन्य काश्यप ने कराया जिम्मेदारी का अहसास, जनसमस्याओं की सूची बनाकर कराएं समाधान

रतलाम में नवनियुक्त एल्डरमैन ने मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात की। काश्यप ने जनसमस्याओं की सूची बनाकर पेंशन, नामांतरण, लाइसेंस और अनुमति से जुड़े मामलों का समाधान कराने के निर्देश दिए।

आभार पर मिली नसीहत ! नगर निगम के नवनियुक्ति एल्डरमैन को मंत्री चेतन्य काश्यप ने कराया जिम्मेदारी का अहसास, जनसमस्याओं की सूची बनाकर कराएं समाधान
रतलाम नगर निगम के एल्डरमैन को मंत्री चेतन्य काश्यप ने उनकी जिम्मेदारियों का अहसास कराते हुए नसीहतें दी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । नगर निगम में राज्य शासन द्वारा नियुक्त किए गए नवनियुक्त एल्डरमैन ने कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप से मुलाकात कर नियुक्ति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की मौजूदगी में हुई मुलाकात में काश्यप ने सभी एल्डरमैन का अंगवस्त्र से स्वागत कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी एल्डरमैन को जनसमस्याओं की सूची बनाकर समाधान करने की नसीहत दी।

मंत्री काश्यप ने एल्डरमैन को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए कहा कि नगर निगम में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पार्षद के रूप में एल्डरमैन को जनता से सीधे जुड़े कामों को प्राथमिकता देना चाहिए। पेंशन, नामांतरण, लाइसेंस और अनुमति जैसे कार्यों में लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए एल्डरमैन इनसे संबंधित समस्याओं की सूची तैयार कर उनके निराकरण के लिए तत्परता से काम करें।

काश्यप ने कहा कि पार्टी ने एल्डरमैन का चयन गंभीरता से किया है और इसमें जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को अवसर दिया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने का उद्देश्य संगठन की नींव को और मजबूत करना है।

ये भी पढ़ें

मुख्यमंत्री की योजनाओं को जमीन पर पहुंचाने की अपील

मंत्री काश्यप ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में ऐसे कई काम तेजी से हुए हैं, जो वर्षों से लंबित थे। उन्होंने अपने एमएसएमई विभाग के माध्यम से उद्योगों को सब्सिडी राशि के वितरण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा प्रदेश का तीव्र गति से विकास करने की है। ऐसे में एल्डरमैन भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ जनता तक पहुंचाने में भागीदारी सुनिश्चित करें।

इन एल्डरमैन ने किया स्वागत

मुलाकात की शुरुआत में नवनियुक्त एल्डरमैन हेमंत राहोरी, राकेश परमार, गोपाल शर्मा, राकेश मिश्रा, पूजा बोहरा, प्रभु नेका एवं नारायण सांकला आदि ने पुष्पमाला पहनाकर मंत्री काश्यप का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री जयवंत कोठारी, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, मंडल अध्यक्ष सोना शर्मा, संदीप मौर्य सहित अन्य उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें