ऐसी निःस्वार्थ सेवा को साधुवाद : काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ने लावारिस दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए किया तर्पण

  लावारिस अज्ञात दिवंगतों की आत्मा की शांति और मुक्ति के लिए काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा तर्पण किया गया।

Oct 15, 2023 - 01:21
Oct 15, 2023 - 03:27
 0
ऐसी निःस्वार्थ सेवा को साधुवाद : काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ने लावारिस दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए किया तर्पण
लावारिस अज्ञात दिवंगतों की आत्मा की शांति और मुक्ति के लिए तर्पण करते काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव काकानी एवं सचिव गोविंद काकानी।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिनका कोई नहीं उनका भगवान है। जिसका सहारा भगवान हो भला उसकी सद्गति में बाधक कौन बन सकता है। काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ऐसे ही लोगों की सेवा के लिए कटिबद्ध है। फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव काकानी और सचिव गोविंद काकानी ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लावारिस दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए तर्पण किया।

श्राद्ध पक्ष में तर्पण का विशेष महत्व है। सनातन संस्कृति में यह तर्पण दिवंगतों की आत्मा की तृप्ति और मुक्ति के लिए करने का प्रावधान है। इसके मद्देनजर ही काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के पदाधिकारी काकानी बंधु और सदस्यों ने शास्त्री नगर स्थित शिव मंदिर में तर्पण किया। तर्पण की क्रिया पं. नंदकिशोर उपाध्याय व अन्य ने मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक समरसता और विधि-विधान से पूरी कराई।

अंतिम संस्कार और अस्थि विसर्जन भी किया

फाउंडेशन अध्यक्ष माधव काकानी ने बताया कि गत वर्ष रतलाम जिले के  जिन अज्ञात लावारिस मृतकों की पहचान नहीं हो सकी, उनका अंतिम संस्कार विधि विधान से भक्तन की बावड़ी पर सचिव गोविंद काकानी द्वारा किया गया। इतना ही नहीं मई में हरिद्वार में समन्वय परिवार के पंडितों के सहयोग से सभी दिवंगतों की अस्थि का विसर्जन भी किया गया था।

इन परिवारों के सहयोग से हुए कर्मकांड

सचिव गोविंद काकानी ने बताया कि इस पुनीत कार्य के लिए इस वर्ष मदद करने वाले समाजसेवियों में डूंगरवाल परिवार धानमंडी, वंदना बरबेटा परिवार पेटलावद, महाराष्ट्रियन परिवार, अशोक सोनी, राजेंद्र सोमानी परिवार ताल, अनोखीलाल लालवानी परिवार, दीपक डोशी, राजेश ओझा, नरेश परमार, शिवराम, स्व. वंदना बोचरे की स्मृति में बोचरे परिवार, संजू काबरा परिवार मुंबई, स्व. दिलीप दवे की स्मृति में दवे परिवार महलवाड़ा रतलाम शामिल हैं। सभी संस्कार इन सभी के द्वारा प्रदत्त राशि से संपन्न करवाए गए।

समन्वय परिवार सहित अन्य करते हैं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष सहयोग

बता दें कि, लावारिस के अंतिम संस्कार की समस्या को दूर करने के लिए काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के गोविंद काकानी ने समाजसेवियों की मदद से अंतिम संस्कार सम्मानजनक तरीके से करने का बीड़ा उठा रखा है। इस सेवा कार्य में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से समन्वय परिवार एवं अन्य सेवाभावी लोगों का पूरा सहयोग मिल रहा है।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।