रतलाम : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री चेतन्य काश्यप की माता तेजकुंवर देवी को दी श्रद्धांजलि, कहा- समाज और सबके कल्याण में सहायक बना माता का ‘तेज’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम पहुंचकर कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की पूज्य माताजी स्वर्गीय तेजकुंवरबाई काश्यप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।

रतलाम : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री चेतन्य काश्यप की माता तेजकुंवर देवी को दी श्रद्धांजलि, कहा- समाज और सबके कल्याण में सहायक बना माता का ‘तेज’
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्री चेतन्य काश्यप की माता स्व. तेजकुंवर देवी को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन करते हुए।
रतलाम : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्री चेतन्य काश्यप की माता तेजकुंवर देवी को दी श्रद्धांजलि, कहा- समाज और सबके कल्याण में सहायक बना माता का ‘तेज’

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अर्पित किए श्रद्धासुमन

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री चेतन्य काश्यप के रतलाम स्थित निवास 'विसाजी मेंशन' पहुंचकर उनकी माताजी, धर्मपरायण एवं समाजसेवी स्वर्गीय तेजकुंवरबाई काश्यप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पुण्यात्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों से भेंट की और उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।

श्रद्धांजलि सभा में मंत्री काश्यप की दिवंगत माता के जीवन का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्हें भी सदैव माताजी का वात्सल्य और स्नेह मिलता रहा। उन्होंने कहा कि- "माताजी ने कुक्षी जैसे छोटे स्थान से अपनी जीवन यात्रा प्रारंभ की थी। पति के असमय निधन के बाद उन्होंने विषम परिस्थितियों में छोटी संतानों को संस्कारों के साथ पाला-पोसा और आगे बढ़ाया। उन्होंने दूरदृष्टि के साथ अपनी संतानों को जिम्मेदारियां सौंपी और परिवार को सुदृढ़ आधार प्रदान किया। संतान ही अमरता की निशानी है। उनके नाम में ही 'तेज' समाहित था और उनका यह तेज सदैव समाज और सबके कल्याण के लिए रहा।" मुख्यमंत्री ने चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा जरूरतमंद परिवारों के पुनर्वास, स्वावलंबन और संस्कार निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।

हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अमले ने की अगवानी

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीकॉप्टर द्वारा रतलाम पहुंचे। बंजली स्थित हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।

इस दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी निमिष अग्रवाल, कलेक्टर अजय कटेसरिया, एसपी अमित कुमार, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, महापौर प्रहलाद पटेल, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल तथा जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य प्रदीप उपाध्याय सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम का संचालन प्रदीप उपाध्याय ने किया।

राज्यपाल थावरचंद गेहलोत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत भी मंगलवार को काश्यप निवास पहुंचे और दिवंगत मातुश्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर शोक व्यक्त किया। इनके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, बदनावर विधायक भंवरसिंह शेखावत, नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरूद्ध मारू (माधव), लघु उद्योग निगम अध्यक्ष सत्येन्द्र भूषण, नागदा के पूर्व विधायक दिलीप शेखावत, पूर्व सांसद श्रीचंद कृपलानी, पूर्व संभाग संगठन मंत्री राकेश डागोर, पूर्व मंत्री धुलजी चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष यास्मीन शेरानी, पूर्व शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, कोमल धुर्वे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, स्टेट बार एसोसिएशन के संदीप मेहता सहित इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), लघु उद्योग भारती और विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने मातुश्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।