शासकीय सेवक और जन सेवक साथ मिलकर जनता की तकलीफें दूर करें- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

रतलाम में 7 दिवसीय आकांक्षा हाट का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया। उन्होंने लोक और जन सेवकों को मिल कर काम करने की सलाह दी।

Aug 29, 2025 - 20:32
 0
शासकीय सेवक और जन सेवक साथ मिलकर जनता की तकलीफें दूर करें- कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप
रतलाम में आयोजित आकांक्षा हाट में मंत्री चेतन्य काश्यप वस्तुओं का अवलोकन करते हुए।

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शासकीय सेवक और जनसेवक साथ मिलकर जनता की तकलीफें दूर करने में सहयोग करें। इससे जिला उत्तरोत्तर विकास करेगा एवं आमजन की समस्याओं का समाधान होगा। आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त कर रतलाम जिले के बाजना विकासखंड ने प्रदेश एवं देश में अपनी पहचान बनाई है। इसमें जिले के नेतृत्वकर्ता कलेक्टर सहित पूरे मैदानी अमले ने दिन रात लगकर अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। इसके चलते जिले को आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम में राज्य स्तर पर सिल्वर मेडल मिला। इसके लिए आप सभी सम्मान के हकदार हैं।

यह बात कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग मंत्री चेतन्य काश्यप ने आकांक्षा हाट के शुभारंभ एवं जिला स्तरीय सम्मान समारोह में कही। गुलाब चक्कर पर आयोजित 7 दिवसीय हाट मंत्री काश्यप ने फीता काट कर शुभांरभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर व्यंजनों का आनंद भी लिया। उनके साथ महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, रतलाम जनपद अध्यक्ष साधना जायसवाल, कलेक्टर राजेश बाथम, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, प्रभारी कमिश्नर नगर निगम अनिल भाना, एसडीएम आर्ची हरित आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंत्री काश्यप ने राज्य स्तर पर सम्मानित टीम और मैदानी अमलो को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।

रतलाम जिला प्रदेश में 9वें स्थान पर

कलेक्टर बाथम ने बताया कि सम्पूर्णता अभियान अंतर्गत आकांक्षी ब्लॉक योजना में जिले का मैदानी अमला पूरी मेहनत के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है। परिणामस्वरूप 6 में से 5 संकेतकों में सेचुरेशन की स्थिति हासिल करने पर जिले को सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ। इसके लिए कलेक्टर ने जिला स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय एवं मैदानी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अन्य योजनाओं में भी मैदानी अमला इमानदारी से काम कर रहा है। प्रदेश स्तर पर योजनाओं के फीडबैक के आधार पर 38 संकेतकों की ग्रेडिंग के आधार पर जिला सीएम डैश बोर्ड में 55 जिलों में 9वें स्थान पर है। 6-7 महीनों से जिला टॉप-10 में है। 

ये वस्तुएं उपलब्ध हैं हाट में

हाट में ऑर्गेनिक कृषि उत्पाद (गेहूं, मक्का, मोटा अनाज, चना, मूंग, मोठ, दालें, मुंगफली व मूंगफली के दाने, सब्जी, फल), गाय व भैंस का गृह निर्मित शुद्ध घी, शहद, वर्मी खाद, अचार, पापड़, बड़ी, चिप्स, मक्का पोहा, सेव, मुरमुरा, रतलामी नमकीन, हैंडी क्राफ्ट, रेशम चूड़ी, ब्लॉक प्रिंट चादर, भगवान की पोशाक, मुकुट, तिलक, सिंदूर, धूप, अगरबत्ती, गोबर से बने गणेश, पूजन थाली, बांस से निर्मित सामग्री, खादी वस्त्र, साड़ी, बैग, पर्स आदि व खाने-पीने की चीजें उपलब्ध हैं।

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।