तत्परता से सफलता ! रतलाम कोर्ट गेट से चोरी हुई पूर्व पार्षद की बाइक, CCTV ने खोल दिया राज, पुलिस और एडवोकेट की सक्रियता से एक घंटे में हो गई बरामद
रतलाम कोर्ट परिसर से चोरी हुई बाइक CCTV की मदद से एक घंटे में बरामद, पुलिस और वकीलों की तत्परता से मिली सफलता।
पूर्व पार्षद की मोटरसाइकिल उठाकर ले गया था युवक, कैमरों की मदद से लोकेशन ट्रेस कर तुरंत पकड़ी गई
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । शहर के न्यायालय परिसर में शनिवार दोपहर एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया। पुलिस और अभिभाषकों की सक्रियता से कुछ ही समय में उसे बरामद कर लिया गया। चोरी गई मोटरसाइकिल भाजपा के पूर्व पार्षद की थी।
जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1 बजे पूर्व पार्षद सुरेंद्र जोशी एक मामले में पेशी के लिए कोर्ट पहुंचे थे। करीब एक घंटे बाद जब वे गेट नंबर 2 पर लौटे, तो उनकी हीरो होंडा मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। घटना की सूचना तत्काल जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष राकेश शर्मा को दी गई, जिन्होंने स्टेशन रोड थाना पुलिस को अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई।
हेड कांस्टेबल जितेंद्र बघेल ने चीता फोर्स के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक संदिग्ध युवक बाइक ले जाते हुए दिखाई दिया। इसी दौरान एडवोकेट शेख रईस कुरैशी को भी जानकारी दी गई। उनकी सतर्कता और टीम के समन्वय से वाहन को पुराने एसपी कार्यालय गेट के पास से बरामद कर लिया गया।
CCTV चालू होने का मिला सीधा फायदा
इस घटना में कोर्ट परिसर में चालू CCTV कैमरों की अहम भूमिका रही। हाल ही में जिला अभिभाषक संघ के नए अध्यक्ष द्वारा लंबे समय से बंद पड़े कैमरों को पुनः चालू कराया गया था। इसी का परिणाम रहा कि फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और लोकेशन ट्रेस करना आसान हुआ।
ये भी पढ़ें
जताया आभार, दिया संदेश
वाहन मिलने के बाद पूर्व पार्षद सुरेंद्र जोशी ने अभिभाषक संघ अध्यक्ष राकेश शर्मा, पुलिस प्रशासन, हेड कांस्टेबल जितेंद्र बघेल, एडवोकेट शेख रईस कुरैशी तथा डॉ. ईश्वर बोराना (हाई कोर्ट एडवोकेट) के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर समन्वय और त्वरित कार्रवाई से वाहन सुरक्षित मिल सका, जो पुलिस और अधिवक्ताओं की सजगता को दर्शाता है।








