बड़ी खबर ! भाजपा जिलाध्यक्ष की कार पर हमला, गोफन से बरसाए पत्थर, एक कार्यकर्ता घायल, जिला अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बाल-बाल बचे
रतलाम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की कार पर आमलीपाड़ा के पास अज्ञात बदमाशों ने गोफन से हमला कर दिया। वाहन के शीशे टूट गए और एक युवक घायल हो गया। पुलिस जांच में जुटी है।
एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले की राजनीति और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की कार पर मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने गोफन से पत्थर बरसाए। इससे वाहन के शीशे चकनाचूर हो गए और कार में सवार एक युवा कार्यकर्ता घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8.00 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय और भाजपा जिला उपाध्यक्ष जुबिन जैन एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रतलाम से रावटी की ओर जा रहे थे। दोनों नेता जिस सफारी वाहन में सवार थे, वह जिला उपाध्यक्ष जैन का है। जैसे ही वाहन ग्राम आमलीपाड़ा के पास पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे अज्ञात हमलावरों ने पथराव कर दिया।
गोफन से किए हमले में युवक घायल
हमलावरों द्वारा फेंके गए पत्थर सीधे वाहन के शीशों से टकराए। हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन के कांच फूट गए। कांच के टुकड़े और पत्थर लगने से वाहन में सवार चिराग नामक युवक के सिर में चोट आई, जिससे वह घायल हो गया। घटना के दौरान वाहन में मौजूद भाजपा जिलाध्यक्ष पाध्याय, जिला उपाध्यक्ष जैन और चालक बाल-बाल बच गए।
ये भी पढ़ें
राजनीतिक हलकों में चर्चा, पुलिस पर बढ़ा दबाव
भाजपा जिलाध्यक्ष उपाध्याय ने एसीएन टाइम्स को बताया कि घटना की जानकारी दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव को मौखिक और लिखित में दी है। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। आमलीपाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश के लिए सघन तलाशी अभियान एवं नाकाबंदी की जा रही है।
जिले में सत्तारूढ़ दल के शीर्ष पदाधिकारी की गाड़ी पर हुए इस हमले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। घटना के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश देखा जा रहा है।
ये भी पढ़ें






