रिश्तेदार की ऐसी करतूत ! शादी में गया परिवार, सूना घर बना निशाना, सैलाना पुलिस ने 24 घंटे में खोला 5 लाख की चोरी का राज

रतलाम के सैलाना में शादी के दौरान सूने घर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया। 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, ₹5 लाख के जेवर और नकदी बरामद।

Apr 28, 2026 - 15:24
Apr 28, 2026 - 15:26
 0
रिश्तेदार की ऐसी करतूत ! शादी में गया परिवार, सूना घर बना निशाना, सैलाना पुलिस ने 24 घंटे में खोला 5 लाख की चोरी का राज
सैलाना में शादी वाले घर में चोरी की खुलासा करते एसपी अमित कुमार। इनसेट : आरोपी सुजल पाटीदार।

सूने घर और रिश्तेदार के बैग को बनाया निशाना, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

एसीएन टाइम्स @ रतलाम । जिले के सैलाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान सूने घर में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर करीब ₹5 लाख के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है।

Google NewsFollow Us

घटना का खुलासा मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूप में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी अमित कुमार ने किया। उन्होंने बताया फरियादी निर्मल पाटीदार, निवासी ग्राम बोदिना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 26 अप्रैल 2026 को उनके भतीजे के विवाह कार्यक्रम के दौरान पूरा परिवार घर से बाहर था। रात करीब 10 बजे लौटने पर घर के दरवाजे का नकूचा टूटा मिला और अलमारी से चांदी के आभूषण एवं नकदी गायब थे। इसी दौरान पास में दूल्हे के रिश्तेदार के बैग से भी सोने का हार और नगदी चोरी होना सामने आया। मामले में थाना सैलाना पर अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही सुजल पिता मुकेश पाटीदार (उम्र 20 वर्ष), निवासी ग्राम पंचेवा थाना पिपलौदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी फरियादी का रिश्तेदार ही है।

पवन चक्की के पास टीन शेड से मिले आभूषण

आरोपी की निशानदेही पर ग्राम पंचेवा के पवन चक्की क्षेत्र स्थित एक टीन शेड से चोरी गया सोने का हार और चांदी के आभूषण बरामद किए गए। वहीं नगदी आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल (MP-43-ZF-9551) की टंकी के नीचे डिक्की में छिपाकर रखी थी, जिसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने कुल ₹5 लाख मूल्य के आभूषण, ₹21,000 नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

ये भी पढ़ें

यह हुआ बरामद

  • सोने का हार (लगभग ढाई तोला) - करीब ₹3,00,000
  • चांदी का कंदोरा (84 ग्राम)
  • चांदी की पायजेब (148 ग्राम)
  • चांदी की पायजेब (54 ग्राम)
  • ₹21,000 नकद
  • मोटरसाइकिल MP-43-ZF-9551

इनकी भूमिका सराहनीय रही

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, सहायक उपनिरीक्षक शंकरसिंह शक्तावत, आरक्षक फकीरचंद सोलंकी एवं साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ये भी पढ़ें

Niraj Kumar Shukla 1994 से अब तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय। इस दौरान सांध्य दैनिक 'रतलाम दर्शन' और हिंदी दैनिक 'साभार दर्शन', 'चेतना', 'नवभारत' और 'दैनिक भास्कर' सहित विभिन्न समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं में पूर्णकालिक संवाददाता, उप-संपादक और समाचार संपादक जैसे दायित्वों का निर्वहन किया। हिंदी ब्लॉगर और स्वतंत्र लेखन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहते हुए वर्तमान में समाचार पोर्टल www.acntimes.com के मुख्य संपादक के दायित्व में। वर्ष 2011 से अब तक मप्र सरकार से राज्य स्तरीय अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार। पत्रकारिता में आने से पूर्व और बाद के कुछ वर्षों तक अध्यापन भी किया।